मुख्यमंत्री ने वाराणसी में दूसरे दिन भी किया दौरा, बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे राजघाट Varanasi news
अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार की सुबह राजघाट पर गंगा नदी में बाढ़ की स्थिति का अवलोकन करने पहुंचे।
वाराणसी, जेएनएन। अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार की सुबह राजघाट पर गंगा नदी में बाढ़ की स्थिति का अवलोकन करने पहुंचे। गंगा नदी में बाढ़ का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री भैंसासुर घाट पहुंचे वहीं कोनिया घाट से वरुणा नदी होते हुए गंगा नदी में एनडीआरएफ के बोट पर सवार होकर उन्होंने गंगा में बाढ़ का जायजा लिया। वहीं बाढ़ प्रभावित लोगों को उन्होंने राहत सामग्री भी प्रदान किया।
मुख्यमंत्री सर्किट से निकल कर सीधे राजघाट पहुंचे जहां एनडीआरएफ की तैयारी का जायजा लिया। बचाव के उपकरणों को देखा और समझा। इसके बाद पांच बाढ़ पीडि़तों को अपने हाथ से राहत सामग्री सौंपी और एनडीआरएफ के नौका पर सवार होकर बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का जायजा लिया लिया। सीएम के साथ राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. नीलकंठ तिवारी, रवींद्र जायसवाल, जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह समेत अन्य बड़े अफसर मौजूद थे। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में सीएम को देखकर लोगों ने हर-हर महादेव का उद्घोष किया। सीएम ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत की और बताया कि पहले से जिला प्रशासन को बाढ़ से निबटने के लिए नाव उपलब्ध कराई गई आैर सुरक्षा कारणों से एनडीआरएफ को तैनात किया गया है।
सीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। कहीं किसी जिले में कोई समस्या नहीं है। मैंने उन क्षेत्रों को देखा और सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में जो लोग अभी रह रहे हैं उनको राहत सामग्री की व्यवस्था की गई है। उन्होंने जिले में बाढ़ राहत प्रबंधन को लेकर सीएम ने संतोष जताया और राजघाट स्थित बाढ़ राहत चौकी का जायजा भी लिया जहां पर सहयोगी मंत्रियों के साथ चाय पीने के बाद भ्रमण के दौरान रविदास मंदिर में दर्शन पूजन किया। सीएम ने संत रविदास मंदिर में ट्रस्टी संतोष कुमार उर्फ फागुनीराम से मुलाकात की और संत शिरोमणि रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया। इसके बाद करीब 11.30 बजे पुलिस लाइन के लिए रवाना हो गए जहां से हेलिकाप्टर से रवाना हो गए।