Chief Minister Yogi Adityanath ने वाराणसी के इन दो लोगों से किया सीधा संवाद, जानिए क्या बोले
Chief Minister Yogi Adityanath ने वाराणसी के जाल्हूपुर निवासी ज्ञान सिंह व चोलापुर की कटारी की सुनीता से कुशलक्षेम पूछा और राशन मिलने की जानकारी ली।
वाराणसी, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान अन्य प्रदेशों में रह रहे तथा वहां से लौट कर आए सभी कामगार व श्रमिकों को बिना विलंब किए तत्काल राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सभी कामगार व श्रमिकों को तत्काल राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से उन्हें हर महीने राशन उपलब्ध हो सके। मुख्यमंत्री शनिवार को 10 लाख 48 हजार 66 श्रमिक परिवारों के खातों में 1000 रुपये प्रति परिवार की दर से 104 करोड़ 82 लाख रुपये का ऑनलाइन हस्तांतरण किए जाने के अवसर पर कामगार श्रमिकों से सीधे संवाद कर रहे थे।
जाल्हूपुर निवासी ज्ञान सिंह व कटारी की सुनीता से पूछा कुशलक्षेम
वाराणसी के 5460 कामगार श्रमिकों के खाते में भरण पोषण भत्ता की धनराशि ऑनलाइन हस्तांतरण किए जाने के दौरान उन्होंने सूरत में एंब्रॉयडरी का कार्य करने वाले वाराणसी के जाल्हूपुर निवासी ज्ञान सिंह से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने ज्ञान सिंह से पूछा कि सूरत में क्या काम करते थे, इस पर ज्ञान सिंह ने बताया कि एंब्रॉयडरी का काम करते थे। मुख्यमंत्री बोले, बहुत सुंदर। फिर मुख्यमंत्री ने पूछा कि यहां आने पर राशन मिला तो जवाब में ज्ञान ने बताया कि हां, राशन मिला था। मुख्यमंत्री ने कहा कि ठीक है फिर भी आपके खाते में 1000 रुपये जा रहा हैं। इसके लिए ज्ञान सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने चोलापुर की कटारी की रहने वाली सुनीता से उनका कुशलक्षेम पूछने के दौरान राशन कार्ड बनने की जानकारी ली। पुनः मुख्यमंत्री ने सुनीता, ज्ञान सिंह सहित मौके पर उपस्थित अन्य कामगार श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आपका राशन कार्ड भी बनेगा, बनवा लीजिए हर महीने राशन भी मिलेगा।
बोले सीएम, सभी कामगार श्रमिकों को राशन कार्ड उपलब्ध कराएं
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा से पूछा कि सभी प्रवासी कामगार का राशन कार्ड है कि नहीं। जिलाधिकारी ने बताया कि राशन कार्ड के लिए 10 हजार लोगों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है और राशन कार्ड बनना शुरू हो गया हैं। शीघ्र ही सभी लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया सभी कामगार श्रमिकों को राशन कार्ड उपलब्ध कराकर उन्हें राशन मुहैया कराया जाय। इसमें कतई विलंब अथवा इंतेजार न किया जाए।