जौनपुर के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित दौरा 27 को
जौनपुर के मल्हनी विधानसभा उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित दौरा 27 या 28 सितंबर को होने की संभावना है। इसको लेकर जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह व मंत्री अनिल राजभर बुधवार की शाम भभौरी में जनसभा के लिए स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे।
जौनपुर, जेएनएन। मल्हनी विधानसभा उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित दौरा 27 या 28 सितंबर को होने की संभावना है। इसको लेकर जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह व मंत्री अनिल राजभर बुधवार की शाम भभौरी में जनसभा के लिए स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। हालांकि अभी तक शासन की तरफ से कोई प्रोटोकाल नहीं प्राप्त हुआ है।
मंत्री व जिलाधिकारी सीधे भभौरी स्थित माता प्रसाद आदर्श महाविद्यालय पहुंचे। यहां परिसर से सटे ही इंटर कालेज के मैदान को देखा। यहां पर विद्यालय परिसर में पर्याप्त जगह देखकर दोनों लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। संभावना जताई जा रही है कि कार्यक्रम इसी स्थान पर होगा। मंत्री, डीएम व अन्य अधिकारियों के साथ कलवारी स्थित राहुल महाविद्यालय भी पहुंचे। चर्चा है कि गुरुवार को पुन: जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक भभौरी विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। मौके पर अधिकारियों में यह चर्चा हो रही थी कि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो 27 या 28 सितंबर में से किसी भी दिन मुख्यमंत्री का उडऩखटोला भभौरी में ही उतरेगा।
हर-हालत में मल्हनी सीट जीतना है : अनिल राजभर
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा मल्हनी में होने वाले उपचुनाव में किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं होने वाला है अपने मन से यह भ्रम निकाल दीजिये। उपचुनाव में भाजपा का कार्यकर्ता ही प्रत्याशी होगा। श्री राजभर कार्यकर्ता चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश और केंद्र में हमारी सरकार है, इससे अनुकूल माहौल अब कब मिलेगा। कार्यकर्ताओं को जोश भरते हुए कहा कि हम चुनाव लडऩे के लिए नहीं जीतने के लिए मैदान में उतर रहे हैं। कहा कि जिम्मेदारी आप सभी जैसे बूथ व सेक्टर स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के कंधे पर है। हमें हर हालत में मल्हनी सीट जीतनी होगी।