Loksabha Election 2019 : 25 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे आजमगढ़
पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आजमगढ में अपने पिता की सीट से इस बार चुनौती पेश की है तो प्रमुख विपक्षी पार्टी भी उनको आजमगढ में घेरने जा रही है।
आजमगढ़, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आजमगढ में अपने पिता की सीट से इस बार चुनौती पेश की है तो प्रमुख विपक्षी पार्टी भी उनको आजमगढ में घेरने जा रही है। आजमगढ में दिनेश लाल यादव निरहुआ को भाजपा ने टिकट दिया है। इसलिए निरहुआ के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 अप्रैल को आजमगढ़ जनसभा को संबोधित करने आ रहे हैं।
वह आजमगढ़ (सदर) संसदीय सीट के विधानसभा क्षेत्र मेंहनगर के खरिहानी हाइडिल के मैदान में 12.10 बजे पहुंचेंगे और चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं जिले की दूसरी लोकसभा सीट लालगंज से भाजपा की ओर से प्रत्याशी नीलम सोनकर भी मैदान में हैं। इसलिए सीएम की इस जनसभा को लेकर जिला स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों में काफी उत्साह भी है। भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह के अनुसार पार्टी की ओर से तैयारियां शुरु कर दी गई हैं।
बूथों पर लगेगी दो ईवीएम : आजमगढ़ में17वीं लोकसभा के छठवें चरण में होने वाले चुनाव में कहीं 2014 के चुनाव का इतिहास न दोहराया जाए। यह होगा बूथों पर दो ईवीएम लगाने का। 2014 के आम चुनाव में आजमगढ़ सीट पर कुल 28 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। इसमें से 10 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र विभिन्न कारणों से निरस्त कर दिए गए थे। बावजूद इसके चुनाव मैदान में कुल 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए थे। इसलिए सभी बूथों पर दो-दो ईवीएम लगानी पड़ी थी। इस बार तो वीवी पैट की भी व्यवस्था की गई है।
इस बार के चुनाव में अब तक इस सीट के लिए कुल 30 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। इसमेें केवल सपा उम्मीदार अखिलेश यादव व भाजपा से दिनेश लाल यादव निरहुआ सहित चार का ही नामांकन पत्र दाखिल हुआ है। हालांकि नामांकन प्रक्रिया 23 अप्रैल तक चलेगी। ऐसे में कितने और उम्मीदवारी ठोंकेगे यह तो समय बताएगा लेकिन अब तक जितने पर्चे बिके हैं, उससे तो इस बात की पूरी संभावना जताई जा रही है कि दो ईवीएम लगेंगी।