छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वाराणसी में, बोले - 'गुजरात से चार सरदार निकले, दो खरीदने दो बेचने वाले'
यूपी में धर्म और गाय के नाम पर वोट मांगा जाता है। फिर वह आमजन की समस्याओं को भूल जाते हैं। हम गौ माता की सेवा करते हैं। वो उसके नाम पर वोट मांगते हैं। सरकार बनी तो हम छत्तीसगढ़ का माडल अपनाएंगे। फिर से उत्तर प्रदेश को समृद्ध करेंगे।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। सरदार सेना के चौथे स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंच से किसानों, नौजवानों और सरदारों को साधने की भरपूर कोशिश की। कहा कि आप लोग जानते हैं सरदार वल्लभ भाई पटेल को सरदार की उपाधि किसने दी। बरदौली के आंदोलन में महात्मा गांधी और सरदार पटेल ने किसानों का साथ दिया था। उस समय महिलाओं ने वल्लभ भाई पटेल को सरदार की उपाधि दी। लेकिन आजकल गुजरात से चार सरदार निकले हैं। दो बेचने वाले और दो खरीदने वाले। लेकिन मैं आप सबको बता दूं आप इनके झांसे में मत पड़ना। चुनाव नजदीक है जो आपके मेहनत का सम्मान करें वोट उसे ही करना।
यूपी में धर्म और गाय के नाम पर वोट मांगा जाता है। फिर वह आमजन की समस्याओं को भूल जाते हैं। हम गौ माता की सेवा करते हैं। वो उसके नाम पर वोट मांगते हैं। प्रदेश में हमारी सरकार बनी तो हम छत्तीसगढ़ का माडल अपनाएंगे। फिर से उत्तर प्रदेश को समृद्ध करेंगे। सरदार पटेल ने देश के साढ़े पांच हजार देशी विरासतों को हिंदुस्तान में मिलाने का काम किया है। आज के जो गुजराती सरदार हैं उन्होंने कहा था कि हमें मां गंगा ने बुलाया है। उन्होंने कहा था कि वर्ष 2022 में किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। हुई क्या, इस जनता ने कहा नहीं। कहा था कि दो करोड़ रोजगार देंगे। दिया? नहीं न दिया। यह जुमलों के सरदार है।
उन्होंने कहा कुछ वर्ग आरक्षण की मांग करते हैं। हम उनका सम्मान करते हैं। लेकिन मित्रों आप यह जान लें कि पूरा देश बिक रहा है। यदि आप अभी इसे नहीं बचाए तो कल बचाना मुश्किल होगा। यह सरकार आपको अपने अधिकार से वंचित कर रही है। भाजपा के लोग अब सरदार को भी अपनाना चाहते हैं। उनकी स्मृति में गुजरात के केवडिया में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा बनाई गई। जब तक आपके जेब में पैसा नहीं होगा आप कहां से घूमेंगे।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को इस सरकार ने शापिंग माल में बदल दिया है। अब अयोध्या और मथुरा की बारी है। यह सुशासन की बात करते हैं हमने एक विवादित बयान देने के लिए अपने पिता नंद कुमार बघेल को जेल भेज दिया। हमने कहा आपने अपराध किया है। अब बताइए इससे बढ़िया सुशासन कहां मिलेगा। आज जब खेती किसानी का मौसम है इस समय यूपी में डीएपी और यूरिया की कमी है। लेकिन छत्तीसगढ़ में किसान डर्मी कंपोस्ड खाद से अपनी फसल को तैयार कर रहे हैं। तो दोस्तों तय आपको करना है। बस ध्यान दीजिएगा जो आपके मुद्दों की लड़ाई लड़े उसे अवसर दीजिएगा।