काशी के पंडालों में गूंजे जयकारे, विराजीं आदि शक्ति, शिव की नगरी में शक्ति की आराधना शुरू
धर्मनगरी काशी में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो गया है, जहां घरों और मंदिरों में विधि-विधान से कलश स्थापना की ...और पढ़ें

काशी में शारदीय नवरात्र का आगाज, पंडालों में विराजीं मां दुर्गा।
HighLights
शारदीय नवरात्र का काशी में हुआ भव्य शुभारंभ।
घरों और पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित।
भक्तों में उत्साह, दस दिनों तक चलेगा उत्सव।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। धर्मनगरी काशी में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार से मां शक्ति की आराधना का शुभारंभ हो गया। आश्विन शुक्ल प्रतिपदा पर घरों और मंदिरों में विधि-विधान से कलश स्थापना कर मां दुर्गा का आह्वान किया गया।
शहर के विभिन्न पूजा समितियों और क्लबों द्वारा सजाए गए पंडालों में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गईं हैं। पंडालों में दर्शन-पूजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इन पंडालों में कुल नौ दिन देवी प्रतिमाओं का दर्शन भक्त कर सकते हैं।

सुड़िया स्थित एसबी दुर्गा पूजा समिति के कोषाध्यक्ष लखन शर्मा ने बताया कि इस बार समिति द्वारा मां दुर्गा की विशेष प्रतिमा स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि इस बार माता हाथी पर सवार होकर आई हैं। पिछले 27 वर्षों से समिति में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इस बार पंडाल में खाटू श्याम का भी दिव्य स्वरूप सजाया गया है।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंडाल में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं टाउनहाल स्थित दुर्गा पूजा समिति के कोषाध्यक्ष धर्मराज मिश्रा ने बताया कि उनके क्लब में पूजा-अर्चना शुरू हो गई है और आयोजन दस दिनों तक चलेगा। नवरात्र के आगमन के साथ ही पूरी काशी में भक्ति और उत्सव का माहौल बन गया है।
