Chandauli मुंह में केरोसिन भरकर आग लगाने की Tik Tok पर बना रहे थे वीडियो तभी...
Chandauli में रविवार की शाम मुंह में केरोसिन भरकर आग लगाने की Tik Tok पर वीडियो बनाना भारी पड़ गया। तमाशा देख रहा किशोर दूसरे युवक के मुंह से निकली आग की चपेट में आ गया।
चंदौली, जेएनएन। टिकटॉक पर वीडियो बनाते समय युवा हादसों का शिकार हो रहे हैं। वाराणसी के रामनगर में गंगा में नहाते वक्त वीडियो बनाते समय डूबने से पांच किशोरों की मौत अभी लोगों के जेहन में ताजा है। वहीं रविवार की शाम कंदवा के लक्ष्मणपुर गांव में किशोर आग से झुलस गया। गांव के तीन युवक मुंह में केरोसिन भरकर आग लगाकर वीडियो बना रहे थे। इसी बीच वहां तमाशा देख रहा किशोर दूसरे युवक के मुंह से निकली आग की चपेट में आ गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
गांव के तीन किशोर टिकटॉक पर अपलोड करने के लिए वीडियो बना रहे थे। एक युवा अपने मुुंह में केरोसिन भरकर पास में आग जलाकर लपटें बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान उसके सामने गांव का ही 14 वर्षीय सतीश प्रजापति आ गया। केरोसिन और आग उसके शरीर पर पड़ी तो आग लग गई। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। यह देख वीडियो बना रहे युवा वहां से भाग खड़े हुए।
आग की लपटों में झुलस रहे युवक की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए, जैसे तैसे आग बुझाई और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों के अनुसार सतीश, पतलू गुप्ता, मिथिलेश व कुछ अन्य किशोर एक महीने से तरह-तरह के करतब दिखाते हुए टिकटाॅक पर वीडियो बनाते हैं। रविवार को गांव में सुनसान स्थान पर हैरतअंगेज वीडियो बना रहे थे। इसी बीच किशोर हादसे का शिकार हो गया।
देहात में भी टिकटॉक बनाने का शौक
शहर ही क्या देहात में भी युवक, युवतियों, किशाेरों में टिकाटाॅक पर वीडियो बनाने का शौक बढ़ा है। डांस, गीत, संगीत के साथ युवा टिकटॉक पर कुछ अलग हटकर वीडियो बना कर व्हाट्अप, यू-ट्यूब पर शेयर कर रहे हैं। मौजूदा समय में स्कूल बंद होने से छात्र घर पर हैं। ऐसे में खाली समय में वीडियो बनाने का क्रेज बढ़ा है।