विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में युवती की फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक फोटो वायरल करने में अज्ञात पर केस

By Rajesh Chaube Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 20 Sep 2026 02:22 PM (IST)

वाराणसी के चौबेपुर में एक युवती की AI से एडिट आपत्तिजनक तस्वीरें ससुराल पक्ष को भेजने का मामला सामने आया ...और पढ़ें

वाराणसी में AI से बनी आपत्तिजनक तस्वीरों से हड़कंप, कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज।

वाराणसी में AI से बनी आपत्तिजनक तस्वीरों से हड़कंप, कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज।

HighLights

  1. युवती की AI एडिट आपत्तिजनक तस्वीरें ससुराल पक्ष को भेजी गईं।

  2. दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने और धमकी के मामले दर्ज।

  3. तीज पर गहने छीनने को लेकर मारपीट, छेड़खानी का आरोप।

जागरण संवाददाता, (चौबेपुर) वाराणसी। क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती को अज्ञात आरोपी द्वारा युवती की एआई (AI) तकनीक से एडिट की गई आपत्तिजनक तस्वीरें उसकी ससुराल पक्ष के लोगों को भेजी जा रही थी। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उन्हें लगातार फोन कर परेशान कर रहा है।

आरोपी ने इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी बनाई है। इस आईडी के जरिए एआई (AI) की मदद से बनाई गई पीड़िता की किसी अन्य लड़के के साथ एडिटेड तस्वीरें उसके होने वाले पति और देवर को भेजी जा रही हैं। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

किशोरी को साथ ले जाने पर केस दर्ज
क्षेत्र से 16 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने एक युवक पर फोन के जरिए किशोरी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। 15 सितंबर को किशोरी घर में माता-पिता की गैरमौजूदगी में नकदी और कपड़े लेकर लापता हो गई।

आरोप है कि घर से निकलने से कुछ देर पहले एक युवक का फोन आया था। इसके बाद किशोरी का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद आरोपी पक्ष से संपर्क किया। आरोप है कि पहले किशोरी को कुछ घंटों में वापस बुलाने की बात कही गई, लेकिन बाद में परिजनों से अभद्रता की गई और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।


अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी को भगाया परिजनों को देख किशोरी को छोड़ आरोपी फरार
जागरण संवाददाता, चौबेपुरः
क्षेत्र में किशोरी को अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर घर से बुलाने और कीमती सामान के साथ ले जाने पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। किशोरी को आरोपित द्वारा कथित तौर पर धमकाया गया कि यदि वह घर में रखा कीमती सामान लेकर उसके बताए स्थान पर नहीं पहुंची तो उसकी अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी। धमकी और दबाव में किशोरी घर से सामान लेकर चली गई। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की।तलाश के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि किशोरी दो युवकों के साथ है। परिजन जब सनबीम स्कूल, सेंट्रल जेल रोड के पास पहुंचे तो किशोरी वहां मिली। परिजनों को आता देख दोनों युवक मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर घर पहुंचे।पिता का आरोप है कि आरोपित पूर्व में भी उनकी पुत्री को धमकाकर भगाने का प्रयास कर चुके थे। सामाजिक लोक-लाज और भय के कारण पहले शिकायत नहीं की गई थी। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर दोबारा किशोरी को धमकाया गया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।


तीज पर गहने छीनेने का विरोध,बचाने पहुंचे मायके वालो से मारपीट छेड़खानी के आरोप में पति सास ससुर समेत पांच पर केस दर्ज
जागरण संवाददाता, चौबेपुरः
क्षेत्र के छितौना गांव में तीज के दिन विवाहिता के गहने छीनने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता के मायके वालों के साथ मारपीट की। एक महिला से अभद्रता व छेड़खानी का भी आरोप लगाया गया है।
14 सितंबर को विवाहिता के सास-ससुर ने उसके गहने छीन लिए। अगले दिन रात विवाहिता ने फोन कर अपनी बहन को जान का खतरा बताया। मोबाइल बंद होने पर बहन परिजनों के साथ ससुराल पहुंची। आरोप है कि वहां पति और उसके भाइयों ने परिजनों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आई महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई।पीड़िता पक्ष ने घटना का वीडियो पुलिस को देने की बात कही है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।