विश्व कप कैरम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी बनारस की मंतशा
कैरम विश्व कप में मंतशा
विश्व कप कैरम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी बनारस की मंतशा
जागरण संवाददाता, वाराणसी : विश्व कप कैरम प्रतियोगिता में भाग लेने वाली भारतीय टीम में बनारस की मंतशा इकबाल भी होंगी। देश की तीसरे नंबर की इस खिलाड़ी का चयन स्विस लीग के लिए किया गया है। तीन से सात अक्टूबर तक मलेशिया में विश्व कप कैरम टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है।
इंडिया कैरम फेडरेशन की महासचिव भारती नारायण ने विश्व कप में भाग लेने वाली टीम का घोषणा की। पुरुष वर्ग की मुख्य टीम में इंडिया नंबर वन प्रयागराज के अब्दुल रहमान के साथ विश्व चैंपियन प्रशांत मोरे, पूर्व विश्व चैंपियन के श्रीनिवास और यस दिवे हैं। महिला वर्ग की मुख्य टीम में पूर्व विश्व चैंपियन काजल कुमारी, रश्मि कुमारी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देवजनी तूमली और नीलम घोटगे को जगह मिली है। स्विस लीग खेलने के लिए चुनी गई पुरुष वर्ग की टीम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जहीर पासा, अभिजीत तीर्थंकर, मोहम्मद गुफरान, जुगल किशोर दत्ता हैं। महिला टीम में एयरपोर्ट अथारिटी का प्रतिनिधित्व करने वाली मंतशा इकबाल, वर्तमान विश्व चैंपियन एस अपूर्वा, वी मित्रा और के नागाज्योति हैं। उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के प्रधान संरक्षक डा. अशोक सिंह, अध्यक्ष बैजनाथ सिंह, सचिव जहीर अहमद खिलाड़ियों को शुभकामना दी है।