डीजे पर डांस करते समय कुएं मे गिरकर किशोर की मौत, गमगीन माहौल में हुई शादी
बुधवार की देर रात बरात में शामिल किशोर की द्वारपूजा के समय डीजे की धुन पर डांस करते समय अंधेरे में कुएं में गिरने से मौत हो गई।
जौनपुर, जेएनएन। मुंगराबादशाहपुर में वांरा थाना क्षेत्र के आदेपुर चटौरी गांव मे बुधवार की देर रात बरात में शामिल किशोर की द्वारपूजा के समय डीजे की धुन पर डांस करते समय अंधेरे में कुएं में गिरने से मौत हो गई।घटना से घराती व बराती पक्ष के लोगों मे कोहराम मच गया।
सुजानगंज थाना क्षेत्र के भगवासा गांव निवासी सिद्धनाथ पांडेय के पुत्र दीपक पाण्डेय की बरात क्षेत्र के आदेपुर चटौरी निवासी कृष्ण कुमार तिवारी के यहां आई थी। बरात पहुंचने के बाद बरातियों का स्वागत सत्कार किया गया। बरात सजधज कर द्वारपूजा के लिए डीजे के साथ निकली। बराती डीजे की गाने की धुन पर नाच रहे थे उसी दौरान रास्ते के एक कुएं में बरातियों के साथ चल रहे चेतन (10) पुत्र भूपेन्द मिश्रा निवासी पूरा रामसहाय थाना सुजानगंज कुएं मे गिर गया। बरात कन्यापक्ष के दरवाजे पहुंच गयी शोर शराबे और डांस की मस्ती की वजह से किसी ने ध्यान नहीं दिया।
काफी देर के पश्चात परिजन चेतन को ढूंढने लगे तो वह नही मिला। घंटों खोजबीन के बाद बरातियों ने कुएं में टॉर्च की रोशनी से देखा तो वह कुएं में दिखाई दिया। लोगों ने जुटकर उसे बाहर निकाला। शादी की रस्म छोड़कर बराती उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चेतन की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में मातम छा गया। हादसा होने से गमगीन माहौल में शादी का आयोजन पूरा किया गया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप