पंचायत चुनाव के लिए बूथ मजबूत करेगी भाजपा, 11 अक्टूबर से मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करेगी
भाजपा प्रदेश में अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए सभी संगठनात्मक मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करेगी। मंशा- पंचायत चुनाव में बड़ी जीत के लिए बूथ को मजबूत करना है। यह प्रशिक्षण वर्ग आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होंगे जो 31 अक्टूबर तक चलेंगे।
वाराणसी, जेएनएन। भाजपा प्रदेश में अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए सभी संगठनात्मक मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करेगी। मंशा- पंचायत चुनाव में बड़ी जीत के लिए बूथ को मजबूत करना है। पार्टी के काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव ने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व द्वारा लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण वर्ग आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होंगे, जो 31 अक्टूबर तक चलेंगे।
उन्होंने कहा, पार्टी में स्थापना काल से ही कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की परंपरा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व व कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक संगठन है। भाजपा में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्य प्रणाली को लेकर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते है। जिनके माध्यम से ऐसे कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है, जो समाज में अन्य दलों से अलग दिखाई देते है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर पार्टी द्वारा आयोजित किये जाने वाले प्रशिक्षण वर्गों का ही परिणाम है कि कोविड-19 की वैश्विक आपदा के समय पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन को मूलमंत्र मानकर हर गरीब जरूरतमंद की मदद में आगे बढ़कर अपनी जान की परवाह किए वगैर सेवा कार्यों को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, नौजवानों सहित सभी के हितों को ध्यान में रखकर लोक कल्याण के लिए कार्य कर रही है लेकिन विपक्षी दल साजिश व झूठ के सहारे जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इन प्रशिक्षण वर्गों से पार्टी कार्यकर्ता प्रशिक्षित होकर तर्क पूर्ण ढंग से विपक्षी दलों की साजिश को न सिर्फ नाकाम करेगें बल्कि जनता के बीच केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों की उपलब्धियों को बताते हुए पार्टी संगठन को मजबूत बनाने का काम करेगें।
क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी द्वारा आयोजित किये जाने वाले कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण वर्ग का मूल उद्देश्य बूथ व सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं को वैचारिक मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अभियान से जुड़े पार्टी पदाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण वर्ग के कार्यक्रमों को लेकर पूरी कार्ययोजना बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले मण्डल स्तर के प्रशिक्षण वर्ग 31 अक्टूबर तक चलेगें। यह प्रशिक्षण वर्ग काशी क्षेत्र के सभी 337 संगठनात्मक मंडल में आयोजित किये जायेंगे मण्डल स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण वर्ग में मण्डल में निवास करने वाले जनप्रतिनिधि, क्षेत्र, जिला व मण्डल के पदाधिकारी व सेक्टर संयोजक-सेक्टर प्रभारी सम्मलित होंगे।