भाजपा पदयात्रा : काशी में घर-घर दे रहे हैं दस्तक, मोदी और योगी के बता रहे काम
पदयात्रा के दूसरे दिन भाजपा के आला पदाधिकारियों, मंत्री-विधायक से लेकर कार्यकर्ताओं ने घर-घर दस्तक दी और मोदी-योगी द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी।
वाराणसी, जेएनएन । महात्मा गांधी की डेढ़ सौवीं जयंती को समर्पित भाजपा की पदयात्रा के दूसरे दिन भाजपा के आला पदाधिकारियों, मंत्री-विधायक से लेकर आम कार्यकर्ताओं ने घर-घर दस्तक दी और मोदी-योगी द्वारा किए गए अब तक के कार्यों की जानकारी दी। साथ ही उन लोगों से मतदाता बनने की अपील की जो 18 साल की आयु पूरी करने के बाद भी मतदाता सूची में अपना नाम नहीं डलवाए हैं।
पदयात्रा के दूसरे दिन कार्यकर्ता उस उस समय जोश में आ गए जब भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा में शामिल हुए। धूपचंडी मंडल से निकली पदयात्रा की अगुवाई राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने की। इस दौरान 'मेरी काशी' पुस्तिका एवं केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश में अब तक किये गए विकास कार्यों से संबंधित विवरण पत्र दिया। पदयात्रा में काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, विधायक रविंद्र जायसवाल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, धर्मेंद्र सिंह, नवरतन राठी समेत, डा. अशोक चौरसिया समेत अन्य थे। उधर, राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने काशी विश्वनाथ मंडल से पदयात्रा के दूसरे दिन की शुरूआत की। कार्यकर्ता संग सेक्टर के प्रत्येक घर के प्रत्येक मतदाता से मिलकर सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए योजनाओं के लाभार्थियो से मिलें और उनसे फीड बैक लिया। इस दौरान राज्यमंत्री ने नए मतदाताओं को भाजपा का आनलाइन सदस्य भी बनाया। पदयात्रा राजमंदिर, बीबी हटिया, रतन फाटक, ब्रह्मा घाट, मंगला गौरी, दुध विनायक, रामघाट, चौखंबा होते हुए सुतटोला में समाप्त हुई। पदयात्रा की समाप्ति पर सभी कार्यकर्ताओं ने सह भोज किया। पदयात्रा में प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, नगर निगम के उपसभापति नरसिंह दास, मनीष कपूर, साधना वेदांती, पवन शुक्ला, विष्णु यादव, श्याम सुंदर समेत अन्य मौजूद रहे। कैंट विस क्षेत्र में सौरभ चंद श्रीवास्तव व शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में राज्यमंत्री अनिल राजभर ने लोहता क्षेत्र में पदयात्रा निकालकर जनसंपर्क किया। प्रबुद्ध नागरिकों संग मुलाकात कर उनसे मोदी-योगी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को बताया।
सेवापुरी विधानसभा में जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने जंसा मंडल के चौखंडी, हरिहरपुर, माधोपुर गांव में पदयात्रा कर जनसंपर्क किया। पदयात्रा में रणंजय सिंह, विक्रम पटेल, सोमनाथ विश्वकर्मा, ज्ञानेश जोशी, जयनाथ मिश्र समेत अन्य शामिल रहे। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह ने शिवदासपुर, जलाली पट्टी, क्षेत्र में जनसंपर्क किया। प्रभात सिंह, अजय दुबे संग अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह ने बाबतपुर बड़ागांव में जनसंपर्क किया।