सीएए पर जनसभा के लिए भाजपा ने लगाई ताकत, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान के अमित शाह करेंगे संबोधित
नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में 18 जनवरी को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान में भारतीय जनता पार्टी की जनसभा है।
वाराणसी,जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में 18 जनवरी को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान में भारतीय जनता पार्टी की जनसभा है। यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सभा को संबोधित करेंगे। उसी की तैयारियों की दृष्टि से पार्टी ने विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अनुभवी व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा है।
पार्टी के गुलाबबाग स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में जनसभा की व्यवस्थाओं से जुड़े कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रदेश भाजपा के सहप्रभारी सुनील ओझा ने कहा कि आप सभी जिम्मेदारियों को समझें। इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री व काशी क्षेत्र के प्रभारी सलिल विश्नोई ने उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि जनसभा में काशी क्षेत्र के 16 जिलों के कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि जनसभा में आमजन की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी द्वारा जनजागरण के लिए चलाए गए घर-घर सम्पर्क अभियान में और अधिक तेजी लाने की आवश्यकता है।
काशी क्षेत्र के महामंत्री और उपाध्यक्ष को मुख्य प्रभार
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि जनसभा का प्रभार क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल को सौंपा गया है। जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह को वाहन व पार्किंग का दायित्व, युवा मोर्चा के अश्वनी सिंह तूफानी व महानगर मंत्री जेपी सिंह को, पेयजल व स्वच्छता महानगर उपाध्यक्ष नरसिंह दास को, सुरक्षा अमित जायसवाल एवं पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला महामंत्री विनय मौर्या को, मंच व्यवस्था महानगर उपाध्यक्ष राहुल सिंह को, सभा स्थल पर साज-सज्जा झंडा, बैनर प्रशांत केशरी को, प्रचार-प्रसार होर्डिंग का महानगर महामंत्री चंद्रशेखर उपाध्याय को दायित्व सौंपा गया है। सोशल मीडिया का दायित्व आइटी विभाग के संयोजक शशि शेखर को, ध्वनि व प्रकाश मंत्री राकेश शर्मा को, प्रोटोकॉल व वीआइपी कार्ड का दायित्व महानगर उपाध्यक्ष नवीन कपूर को सौंपा गया है। साथ ही दक्षिणी विधानसभा का आलोक श्रीवास्तव को, उत्तरी का जगदीश त्रिपाठी को, कैंट विधानसभा का अभिषेक मिश्रा को, रोहनियां का सुरेंद्र पटेल को, सेवापुरी का प्रभात सिंह को, अजगरा विधानसभा का अखंड सिंह को, पिंडरा का पवन सिंह और शिवपुर की जिम्मेदारी जयनाथ मिश्रा को सौंपी गई है। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने संचालन अशोक चौरसिया एवं धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने किया।