बोलेरो ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर हुई मौत
गाजीपुर के बासूपुर में सोमवार की सुबह करीब नौ बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक सवार को रौंद डाला।
गाजीपुर : सैदपुर थाना क्षेत्र के बासूपुर में सोमवार की सुबह करीब नौ बजे तेज रफ्तार बोलेरो के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके की नजाकत को भांपते हुए चालक भाग निकला जिसे करंडा पुलिस ने धर दबोचा। शादियाबाद थाना क्षेत्र के बरहट गाव निवासी वीरेंद्र कश्यप (35) बाइक से घर जा रहे थे। वह बासूपुर पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो रौंदते हुए निकल गई। इससे सड़क पर दूर तक मांस के लोथड़े छिटक गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास के लोग जब तक कुछ समझते घटना स्थल से चालक बोलेरो लेकर भाग निकला। इधर कुछ लोगों ने वाहन का पीछा किया लेकिन चालक वाहन लेकर ओझल हो गया। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने करंडा पुलिस को अंवगत कराया। बाद में बोलेरो को करंडा थाना की पुलिस ने पकड़ लिया।
इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट्मार्टम के लिए भेज दिया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। घर-परिवार के अलावा बड़ी संख्या में गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे। रफ्तार की वजह से हुई मौत को लेकर लोगों में आक्रोश भी दिखा। क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके इन पर रोक नहीं लग रहा है।
वीरेंद्र की गृहस्थी की अभी पूरी तरह कच्ची है। तीन बच्चे अनाथ हो गए हैं। दो बेटों और एक बेटी में बड़ा लड़का करीब 12 साल का, दूसरा बेटा 7 साल और छोटी बच्ची अभी महज 5 साल की है। मां अब इन बच्चों का लालन-पालन कैसे करेगी लोग इसकी चर्चा करते रहे।