दुष्कर्म के मामले में भदोही भाजपा विधायक का भतीजा गिरफ्तार, विधायक सहित सात पर दर्ज है मुकदमा
युवती संग दुष्कर्म के मामले में आरोपित भाजपा विधायक और सात अन्य में शामिल विधायक के भतीजे संदीप त्रिपाठी को शनिवार को ज्ञानपुर नगर से गिरफ्तार किया गया है।
भदोही, जेएनएन। युवती संग दुष्कर्म के मामले में आरोपित भाजपा विधायक और सात अन्य में शामिल विधायक के भतीजे संदीप त्रिपाठी को शनिवार को ज्ञानपुर नगर से गिरफ्तार किया गया है। शनिवार की सुबह इस चर्चित मामले में पहली गिरफ्तारी के बाद एसपी रामबदन सिंह ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। वहीं विधायक के भतीजे की गिरफ्तारी के बाद प्रेसवार्ता में एसपी राम बदन सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान विधायक की संलिप्तता इस मामले में नहीं पाई गई।
युवती संग दुष्कर्म के मामले में भदोही भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य सचिन त्रिपाठी सहित उनके पुत्र दीपक तिवारी, प्रकाश तिवारी, नितेश और भतीजे संदीप त्रिपाठी और चंद्रभूषण तिवारी पर भदोही कोतवाली में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं विवेचना करने के लिए भी एक टीम गठित कर जा चुकी है। दुष्कर्म के मामले में पुलिस की इस कार्रवाई से जिले की सियासत में भूचाल आ गया है।
दरअसल वाराणसी की एक महिला ने 10 जनवरी को एसपी को शिकायत कर आरोप लगाया था कि वर्ष 2014 से ही संदीप उससे शादी करने का झांसा देकर जबरदस्ती करता रहा। इस दौरान युवती का उसने गर्भपात भी कराया। मई 2017 में भदोही विधानसभा चुनाव के समय भदोही स्थित होटल में विधायक सहित सभी ने एक एक कर उसके साथ दुराचार किया। इसकी शिकायत भी वह संदीप से करती रही लेकिन वह मामले को नजरअंदाज करता रहा।
युवती ने बताया कि नौ फरवरी 2020 को जब उसने युवक से शादी करने को कहा तो उसे जान से मरने की धमकी दी गई। एसपी रामबदन सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा को सौंपी थी। एएसपी ने मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंप दी तो मामले में मुकदमा भी बीते बुधवार को दर्ज कर लिया गया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना करने के लिए भदोही कोतवाली में टीम गठित कर दी गई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपित विधायक के भतीजे संदीप त्रिपाठी को शनिवार को ज्ञानपुर नगर से गिरफ्तार कर लिया है।