विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नमो घाट फ‍िर चर्चा में, एक पर्यटक की हत्‍या का मामला थमा भी नहीं क‍ि फ‍िर पर्यटकों पर सुरक्षाकर्म‍ियों ने कर दि‍या हमला

By Dilshad ahmadEdited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 18 Aug 2026 06:34 PM (IST)

वाराणसी के नमो घाट पर बिहार से आए पर्यटकों के साथ सुरक्षाकर्मियों और नाविकों ने मारपीट की, जिसका वीडियो सामने ...और पढ़ें

HighLights

  1. नमो घाट पर पर्यटकों से मारपीट का वीडियो वायरल।

  2. सुरक्षाकर्मी और नाविकों पर हमले का आरोप।

  3. घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित नमो घाट पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बिहार के भभुआ से नमो घाट घूमने आए युवकों के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में गेट नंबर दो के पास पांच-छह लोग युवकों को घेरकर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। इनमें नमो घाट के सिक्योरिटी गार्ड भी दिखाई दे रहे हैं। इसके पूर्व भी घाट पर सुरक्षाकर्मी एक पर्यटक की पीट पीटकर हत्‍या कर चुके हैं। 

आरोप है कि घाट पर नौका संचालन करने वाले कुछ नाविकों और सिक्योरिटी गार्डों ने मिलकर युवकों के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 10 बजे भभुआ निवासी दुरेश अंसारी अपने साथियों के साथ नमो घाट घूमने पहुंचे थे। घाट से बाहर निकलने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद वहां मौजूद नाविकों और सिक्योरिटी गार्डों ने युवकों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते कई लोग युवकों पर टूट पड़े।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें नमो घाट गेट नंबर दो के पास पांच-छह लोग युवकों को घेरे हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग युवकों पर लगातार हाथ चला रहे हैं, जबकि सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहने व्यक्ति भी मारपीट में शामिल नजर आ रहा है। युवकों को बचाने या विवाद शांत कराने के बजाय कई लोग उनके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद नमो घाट की सुरक्षा व्यवस्था और वहां तैनात कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।

पीड़ित पक्ष की ओर से आदमपुर थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में भी मारपीट, गाली-गलौज और हमला करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ितों का कहना है कि घटना के बाद पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी घटना कैद होने की बात कही गई है।

वहीं नमो घाट पर फैली अराजकता रोकने के लिए आदमपुर थाने की नमो घाट पुलिस चौकी बनाई गई है। मौजूदा समय में पुलिस चौकी पर इंचार्ज चंदन कुमार समेत फोर्स तैनात है, लेकिन मारपीट की घटना के घंटे भर बाद भी पुलिस चौकी से कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। वहीं इस मामले में स्मार्ट‌ सिटी के द्वारा नमो घाट के संचालन के लिए रखे गए मैनेजर अनीस पाण्डेय ने पहले तो बताया कि उन्हें रात में हुई घटना से कोई मतलब नहीं है, फिर कहा कि मारपीट में गार्ड नहीं शामिल थे।

हालांकि जब मारपीट के वायरल वीडियो में नजर आ रहे सिक्योरिटी गार्ड और उसके हाथ में नजर आ रहे बांस के संबंध में पूछने पर मैनेजर अनीस पाण्डेय बाद में बात करने की बात कहने लगे। वहीं इंस्पेक्टर आदमपुर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि नमो घाट पर मारपीट से संबंधित कोई व्यक्ति केस दर्ज करने नहीं आया है।