वाराणसी में सड़क में बने गड्ढे और जलजमाव से लगातार पलट रहे आटो और बाइक सवार
वाराणसी में नेशनल हाइवे 19 पर अखरी से भिखारीपुर तक भारी बारिश के कारण सड़क जलमग्न हो गई है, जिससे ...और पढ़ें
HighLights
नेशनल हाइवे 19 पर अखरी से भिखारीपुर तक सड़क जलमग्न।
बड़े गड्ढों और जलजमाव से वाहन पलट रहे, एक मौत।
ठेकेदार पर मुकदमा, जलनिकासी की समस्या बनी हुई।
जागरण संवाददाता , वाराणसी। नेशनल हाइवे 19 पर अखरी से लेकर भिखारीपुर तक बनी सड़क एक बार फिर भारी बारिश के कारण तालाब की तरह जलमग्न हो गया है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के सड़क में बड़े बड़े गड्ढे से होकर राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। कदम कदम पर जानलेवा गड्ढे और जलजमाव के कारण प्रतिदिन आटो और बाइक सवार पलट कर घायल हो रहे हैं।
शनिवार की दोपहर में चितईपुर के पास सवारी लदी टोटो पलट गई। संयोग अच्छा रहा कि सभी लोग बच गए। रविवार की सुबह अवलेशपुर में मालवाहक आटो गत्ता सहित पलट गया। यहां कई बाइक सवार पलट रहे हैं। 17 सितंबर को अमरा स्थित मेट्रो हॉस्पिटल के सामने अज्ञात व्यक्ति जलमग्न सड़क में डूबकर मौत के घाट चला गया।
खराब सड़क और जलजमाव को लेकर महिलाएं पैदल मार्च भी निकाल चुकी हैं। इसपर लगातार पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की तरफ से टैंकर लगाकर पानी भी निकाला जा रहा है लेकिन बरसात होने के बाद फिर सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। रात में सड़क किनारे बनी कालोनी और व्यवसायिक दुकानों के बेसमेंट का पानी भी सड़क पर बहाया जाता है जिसके कारण समस्या लगातार बनी हुई है।
सड़क पर गिट्टी और भस्सी भी डाला जा रहा है लेकिन पानी में बह जाता है। जलनिकासी के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेन का पैसा भी वीडीए की तरफ से आ चुका है लेकिन बरसात के कारण काम होना मुश्किल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण कराया गया सड़क निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।
समस्या को दैनिक जागरण ने सात अगस्त को प्रमुखता से उठाया तो अगले दिन महापौर अशोक तिवारी नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ पहुंचकर मौके नगर निगम, जलकल, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बुलाकर राहत के निर्देश भी दिए गए। महापौर के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी के एक्सियन आशुतोष सिंह द्वारा 10 अगस्त को सड़क निर्माण में अनियमितता और लापरवाह ठेकेदार तथा फर्म के खिलाफ चितईपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया है ।
