वाराणसी के रामनगर में सात साल की मासूम संग दुराचार का प्रयास, आरोपित गिरफ्तार
वाराणसी के रामनगर थाना के सूजाबद गांव में एक युवक ने सात साल की मासूम संग दुराचार का असफल प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने रविवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
वाराणसी, जेएनएन। आधुनिकता के इस दौर में इंसान हवस में इस कदर अंधा हो गया है कि इंसानियत को ताक पर रख दे रहा है। ऐसा ही एक मामला रामनगर थाना के सूजाबद गांव में सामने आया है, जहां एक युवक ने सात साल की मासूम संग दुराचार का असफल प्रयास किया। मासूम के शोर मचाने पर युवक गला दबाकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। बालिका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं सहित पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया।
आरोपित को डोमरी तिराहे से गिरफ्तार किया गया
थाना प्रमुख नरेश कुमार सिंह ने कहा कि मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी सूजाबद आशिष मिश्रा ने रविवार को आरोपित को डोमरी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता हैं कि शनिवार की देर शाम बालिका की मां पड़ोस के घर गई थी। इसी बीच मासूम को अकेला देख गांव निवासी सुरेश उर्फ सच्चा निषाद(30) घर में घुस गया और अश्लील हरकत करने लगा। बालिका के शोर मचाने पर जब तक आस-पास के लोग मौके पर जुटे, युवक भाग निकला। आरोपित एक बच्चे का पिता बताया गया है।
रिश्तेदारी में आए अधेड़ ने मासूम को बनाया हवस का शिकार
बीते 6 मार्च को चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छह वर्षीय मासूम बालिका के साथ रिश्तेदारी में आए अधेड़ द्वारा जबरन दुष्कर्म किये जाने का मामला प्रकाश में आया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जानकारी के अनुसार बीते 4 मार्च को दोपहर में उक्त मासूम अपने घर के पड़ोस स्थित बागीचे में खेल रही थी। इस दौरान रिश्तेदारी में रह रहे करिया वनवासी नामक व्यक्ति ने उक्त मासूम बच्ची के साथ जबरन दुष्कर्म किया और उसे डरा धमका कर चुप करा दिया। डरवश पीड़िता ने परिजनों को दो दिनों तक नहीं बताया। शरीर में दर्द होने पर परिजनों ने पूछताछ की जिस पर उसने पूरी कहानी बयां की तो घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 376, पॉक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल मुआयना हेतु भेज दिया था।