वन क्षेत्र में कब्जा हटाने पहुंची पुलिस पर हमला
सोनभद्र : जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी में वन भूमि पर हो रहे कब्जे को रोकने गई पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया।
सोनभद्र : जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी में वन भूमि पर हो रहे कब्जे को रोकने गई पुलिस व वन विभाग की टीम पर कब्जाधारियों ने हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि रोमा मलिक के संगठन से जुड़ी गाव की दर्जनभर महिलाएं वन विभाग द्वारा कारये गये प्लाटेशन को काटकर उस पर कब्जा करने का प्रयास कर रही थी। इसकी भनक लगने पर मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े नौ बजे मौके पर रेंजर के नेतृत्व में गये वनकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, किन्तु वह मानने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान वन कर्मियों की सूचना पर थानाध्यक्ष हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच कर उन्हें हटाने की कोशिश कर ही रहे थे कि महिलाएं हमलावर हो गई। इस दौरान पुलिस व वन विभाग के लोगों पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसमें म्योरपुर थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह समेत कई पुलिस व वन कर्मी घायल हो गये। जिनका उपचार सीएचसी म्योरपुर में कराया गया। लोगों का कहना है कि बगैर किसी शीर्ष अधिकारियों के जानकारी के वन रेंज व थाना स्तर के अधिकारियों द्वारा लिए गये निर्णय के कारण उक्त घटित हुई। घटना के बाद वहां अफरा तफरी मच गई। घटनास्थल पर कई थानों की फोर्स को बुलाकर शाति व्यवस्था बनायी गई है। दोनों पक्ष के लोगों से वार्ता चल रही है। लोगों का कहना था कि यदि अधिकारियों को पहले से पता होता तो ऐसी घटना नहीं होती। मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। अधिकारी माहौल पर निगाह जमाए हुए है। सुरक्षा के मद्देनजर फोर्स तैनात कर दी गई है।