धर्मचक्र दिवस के रूप में इस बार मनाई जाएगी आषाढ़ पूर्णिमा, राष्ट्रपति भवन से कोविंद करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन
इस बार शनिवार को पडऩे वाले आषाढ़ पूर्णिमा को भारत सरकार धर्मचक्र दिवस के रूप में मनाएगी। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति भवन से करेंगे।
वाराणसी, जेएनएन। इस बार शनिवार को पडऩे वाले आषाढ़ पूर्णिमा को भारत सरकार धर्मचक्र दिवस के रूप में मनाएगी। इसी दिन भगवान बुद्ध ने उत्तर प्रदेश में वाराणसी के पास सारनाथ में अपना पहला उपदेश दिया था। जिसे उनके पांच शिष्यों ने सुना था। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति भवन से करेंगे जबकि प्रधानमंत्री अपना वीडियो संदेश जारी करेंगे। इसके साथ ही दुनिया के विभिन्न हिस्सों के शीर्ष बौद्ध धर्मगुरुओं, जानकारों और विद्वानों के संदेशों को सारनाथ एवं बोधगया से प्रसारित किया जाएगा।
यह दिन पूरी दुनिया में बौद्धों द्वारा धर्म चक्र प्रवर्तन (धर्मचक्र की ओर मुडऩा) के दिन के रूप में भी मनाया जाता है। इस दिन हिंदु भी अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हैं। यह आयोजन संस्कृति मंत्रालय और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ (आइबीसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
प्रधानमंत्री अपने संबोधन में भगवान बुद्ध की शांति एवं न्याय के उपदेशों और सचेतन प्राणियों की पीड़ा को दूर करने के लिए उनके द्वारा दिखाए उच्च अष्टमार्ग पर चलने पर विशेष जोर देंगे। इस दौरान संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल और अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री किरेन रिजिजू भी समारोह को संबोधित करेंगे। इस मौके पर मंगोलिया में सदियों से संरक्षित भारतीय मूल की बहुमूल्य बौद्ध पांडुलिपि भारत के राष्ट्रपति को भेंट की जाएगी। कोविड-19 महामारी के कारण पूरा कार्यक्रम वर्चुअल ही होगा। सारनाथ के महाबोधि सोसायटी ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव भिक्षु मेधांकर थेरो ने बताया कि चार जुलाई को होने वाले इस कार्यक्रम को लाइव वेबकास्ट के माध्यम से पूरी दुनिया में करीब 30 लाख लोग देखेंगे।
सारनाथ में बुद्ध पूजा पर वेब सीरीज की शूटिंग
अनलॉक-2 में वेब सीरीज की शूटिंग शुरू हो गई है। शुक्रवार को सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी बौद्ध विहार में मंदिर व भगवान बुद्ध पर बन रही वेब सीरीज की शूटिंग की गई। हालांकि मंदिर बंद है। दिल्ली से आई बीसी इंटनेशनल बुद्धिस्ट कमेटी की ओर से आषाढ़ पूर्णिमा पर बनाई जा रही वेब सीरिज का फिल्मांकन कर रहे निर्देशक रजत ने बताया कि बुद्ध की पूजा को लेकर शूट किया जा रहा है। इसमें भगवान बुद्ध से जुड़े स्थल, उनका जीवन आदि को फोकस किया जाएगा।