कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान 1 नवंबर को, रघु शर्मा ने काशी में उठाए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल
वाराणसी में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रघु शर्मा ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत पत्रकार वार्ता की। ...और पढ़ें

वाराणसी में कांग्रेस का 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान पर प्रेसवार्ता।
HighLights
रघु शर्मा ने वाराणसी में की पत्रकार वार्ता।
मतदाता सूची, चुनाव आयोग पर उठाए गंभीर सवाल।
1 नवंबर की दिल्ली रैली की तैयारी जारी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली की तैयारियों के तहत मंगलवार को पराड़कर स्मृति भवन में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और वाराणसी में महारैली के पर्यवेक्षक रघु शर्मा ने पत्रकार वार्ता की।
राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद शर्मा ने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं, कुछ राज्यों में मतदाताओं की संख्या में अचानक हुई वृद्धि और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी की चिंताएं रखीं।
शर्मा ने कहा कि ‘वोट चोरी’ किसी एक चुनाव या राज्य तक सीमित मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार से जुड़ा सवाल है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर वोट चोरी और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग से सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, वाराणसी में भी चुनावी प्रक्रिया और नतीजों पर सवाल उठना स्वाभाविक है और उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक आवाज उठा रही है। शर्मा ने निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी मतदाता सूची और स्वतंत्र चुनाव आयोग को लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची या चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठें तो उनका पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान होना चाहिए।
महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में मतदाताओं की संख्या में अचानक हुई वृद्धि के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सवालों को जनता के बीच ले जा रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए शर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव, वर्ष 2023 के कानून और चुनाव आयुक्तों को दिए गए कानूनी संरक्षण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर व्यापक चर्चा और पारदर्शिता जरूरी है।
चुनाव आयुक्तों की शिकायतों की सुनवाई नहीं होने के संबंध में लिखे गए पत्रों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों का उचित जवाब मिलना चाहिए। कांग्रेस की मांग है कि आयोग की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और जनता के बीच उसकी साख बहाल हो।
शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत देशभर में जनजागरण किया जा रहा है। विभिन्न जिलों में पत्रकार वार्ताओं के जरिए मतदाता अधिकारों और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवाल उठाए जा रहे हैं। वाराणसी की पत्रकार वार्ता भी इसी अभियान का हिस्सा है।
उन्होंने 1 नवंबर की दिल्ली रैली के सफल होने का विश्वास जताते हुए कहा कि वाराणसी से कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इसमें शामिल होंगे। उन्होंने पार्टीजनों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और रैली को सफल बनाने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में पीसीसी पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, वरिष्ठ नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह, महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा, रोहित दुबे, परवेज खान, मो. उजैर, विनीत चौबे और आयुष पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
