वाराणसी में इंटर फैकल्टी वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पहले दिन कला, विज्ञान, डीएवी, आरजीएससी और एसवीडीवी ने दर्ज की जीत
वाराणसी में विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद द्वारा आयोजित इंटर फैकल्टी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जिसमें 9 पुरुष टीमें भाग ले ...और पढ़ें

वाराणसी में इंटर फैकल्टी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज, पहले दिन कई टीमों ने जीते मुकाबले।
HighLights
इंटर फैकल्टी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का वाराणसी में हुआ शुभारंभ।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर सुजीत कुमार दुबे ने किया उद्घाटन।
पहले दिन कला, विज्ञान, एसवीडीवी सहित कई टीमों ने जीते मैच।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में आयोजित 'इंटर फैकल्टी वॉलीबॉल प्रतियोगिता' का आज गरिमापूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आधिकारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रोफेसर सुजीत कुमार दुबे (डीन, इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज) द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्षा प्रो. अर्चना सिंह ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। महासचिव प्रोफेसर ए.के. नेमा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन सचिव डॉ. रोबिन कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कुल 9 पुरुष टीमें खिताबी मुकाबले के लिए प्रतिभाग कर रही हैं। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का कुशल मंच संचालन डॉ. प्रमोद कुमार यादव द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 6 मैच खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया। पहले मैच में कला संकाय ने वाणिज्य संकाय को सीधे सेटों में 25-13 और 25-18 से हराया। दूसरे मैच में विज्ञान संकाय ने एसवीडीवी को 25-18 और 25-14 से पराजित किया।
तीसरे मैच में सामाजिक विज्ञान संकाय ने डीएवी कॉलेज को कड़े मुकाबले में 25-21 और 25-16 से मात दी। चौथे मैच में आरजीएससी बरकच्छा की टीम ने एग्रीकल्चर साइंस को 25-21 और 25-19 से हराया। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला एसवीडीवी और एजुकेशन संकाय के बीच खेला गया, जिसमें एसवीडीवी ने 2-1 (25-15, 22-25, 25-19) से जीत हासिल की।
मैचों के दौरान वॉलीबॉल के अध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रोफेसर निर्मला होरो, प्रोफेसर मीनू लकरा, प्रोफेसर संजय सोनकर, डॉ. किरण आर्या (बरकच्छा) सहित कई अन्य संकाय सदस्य और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
प्रतियोगिता संपन्न कराने में सचिव डॉ. कविता वर्मा, उप-निदेशक डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. खुर्शीद अहमद, डॉ. धीरेन्द्र तिवारी, डॉ. प्रदीप खालको, सहायक निदेशक डॉ. हरिराम यादव, डॉक्टर प्रियंका यादव और डॉ. वैभव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसआरके से दिलीप और आदर्श ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। मैचों के निष्पक्ष और सटीक संचालन के लिए निर्णायक मंडल में आशीष तिवारी, शिव शंकर यादव, नितेश यादव, आनंद शुक्ला, प्रिय रंजन सिंह और राहुल यादव 'बाबा' शामिल रहे।
इसके साथ ही क्रीड़ा परिषद के कर्मचारी दल— राजेश प्रहलाद, विजय शर्मा, राजकुमार, उमा शंकर, विजय बहादुर, मुन्ना, राजेन्द्र, शीतला, राजेश एवं नरेश का प्रबंधकीय सहयोग सराहनीय रहा। इस प्रकार, पहले दिन की प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव प्रदान किया।
