अंतरराष्ट्रीय बॉस्केटबाल खिलाड़ी विशेष भृगुवंशी का अर्जुन पुरस्कार के लिए चयन, पैतृक गांव में जश्न
वाराणसी के अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी व भारतीय टीम के कप्तान विशेष भृगुवंशी को इस वर्ष खेल के प्रतिष्ठित अर्जुुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।
वाराणसी, जेएनएन। जिले के अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी व भारतीय टीम के कप्तान विशेष भृगुवंशी को इस वर्ष खेल के प्रतिष्ठित अर्जुुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसी के साथ विशेष यह पुरस्कार पाने वाले बॉस्केटबाल में यूपी के पहले व हॉकी में पद्मश्री मोहम्मद शाहिद (1988) व एथलेटिक्स में गुलाब चंद (1999) के बाद जनपद के तीसरे पुरुष खिलाड़ी बन गए। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की जानकारी मिलते ही पैतृक गांव सिकरी (चंदौली) सहित बनारस के खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर दौड़ पड़ी। बास्केटबाल में कई कीर्तिमान स्थापित करने वाले 36 वर्षीय विशेष अब तक लगभग 45 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं।
वर्ष 2019 में बास्केटबाल में यह पुरस्कार पाने वाली प्रशांति सिंह जनपद की पहली महिला खिलाड़ी हैं। अर्जुन पुरस्कार के लिए इससे पहले भी विशेष भृगुवंशी का नाम दो बार भेजा गया था। वहीं पिछले 15 वर्षों में किसी भी पुरुष बास्केटबॉल खिलाड़ी को यह पुरस्कार मंत्रालय की ओर से नहीं दिया गया था। विशेष भृगवंशी वर्तमान में ओएनजीसी में कार्यरत हैं। उनके पिता प्रमोद कुमार सिंह यूपी कालेज से प्रवक्ता पद से सेवानिवृत्त हैं, तो वहीं माता वीना रानी सिंह मीरजापुर में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कालेज की प्रधानाचार्य रही हैं। विशेष का परिवार वर्तमान में भुवनेश्वर नगर कालोनी, अर्दली बाजार में निवास करता है।
साउथ एशियन गेम्स में जीता था स्वर्ण
विशेष भृगुवंशी ने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम की कप्तानी की है, जिसमें हाल ही में भारतीय बास्केटबॉल टीम ने साउथ एशियन गेम्स 2019 में स्वर्ण पदक जीता था वे 2006 से अब तक भारतीय बास्केटबॉल टीम के सदस्य हैं। विशेष भृगुवंशी कई एशियाई प्रतियोगिताओं में टॉप टेन खिलाडिय़ों में रहे हैं जिसमें 2009 में एशियन चैंपियनशिप में टॉप टेन स्कोरर में उनका नाम था। 2017 में हुई यूबीए-प्रो बास्केटबॉल लीग (इंडो अमेरिकन) सीजन-4 के मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर भी रहे हैं। विशेष को 2008 में बास्केटबॉल विदाउट बॉर्डर्स में एशिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार से नवाजा गया था। वे पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जिनका चयन ऑस्ट्रेलियन राष्ट्रीय बास्केटबॉल लीग के लिए हुआ था। लगभग 45 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने 200 से ज्यादा मैच खेले हैं, जिनमें 10 स्वर्ण पदक, दो रजत पदक व एक कांस्य पदक प्राप्त किया।
परिवार, गुरुजनों के साथ शुभचिंतकों को श्रेय
विशेष भृगुवंशी ने पुरस्कार का श्रेय अपने परिवार और गुरुजनों के साथ ही शुभचिंतकों को दिया है। कहा पूर्वांचल के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इस तरह के सम्मान से युवाओं को आगे बढ़कर देश के लिए बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। इस उपलब्धि तक पहुंचने भारतीय बास्केटबाल संघ का हर कदम पर सहयोग मिलता रहा।
बनारस के दामाद व क्रिकेटर इशांत को भी अर्जुन पुरस्कार
क्रिकेटर इशांत शर्मा को अर्जुन पुस्कार के लिए चुने जाने पर बनारस झूम उठा। भारतीय महिला टीम की कप्तान रहीं प्रशांति सिंह, दिव्या सिंह और प्रतिमा सिंह ने भी खुशी का इजहार किया। ज्ञात हो कि इशांत की शादी प्रतिमा सिंह से हुई है। प्रशांति के पिता गौरीशंकर सिंह के परिवार में हर्ष का माहौल है। इस परिवार में अब दो अर्जुन अवार्डी हो गए हैं। इससे पूर्व प्रशांति सिंह भी अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हो चुकी हैं।