काशी में अन्नपूर्णा मंदिर की ओर से अन्नधन ही नहीं जरूरतमंदों को सिलाई मशीन और लैपटॉप तक का हुआ वितरण
काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट ने 15वें सत्रान्त पर छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई मशीन और लैपटॉप वितरित किए। ...और पढ़ें
HighLights
काशी अन्नपूर्णा ट्रस्ट ने 15वें सत्रान्त पर किया आयोजन।
छात्राओं को सिलाई मशीन, लैपटॉप और प्रमाण-पत्र वितरित किए।
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बेटियों को हुनरमंद बनाने को सराहा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र की ओर से हर साल अन्न धन का खजाना भक्तों को मिलता रहता है लेकिन बुधवार को ट्रस्ट की ओर से ऐतिहासिक आयोजन के क्रम में 15वें सत्रान्त पर छात्राओं को सिलाई मशीन ही नहीं लैपटॉप तक का वितरण कर उनके कैरियर को उड़ान दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंगलाचरण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। ट्रस्ट द्वारा सभी उत्तीर्ण छात्राओं को प्रमाण-पत्र, मेधावी छात्राओं को लैपटॉप और जरूरतमंद छात्राओं को निशुल्क सिलाई मशीन प्रदान की गई।
इसके बाद ट्रस्टी के पुत्र के दिवंगत होने पर आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर शोक संवेदना व्यक्त की गई। इसके बाद पौराणिक एवं वैदिक मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम को शुभारंभ दिया गया।
आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करते हुए काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट द्वारा संचालित सिलाई-कढ़ाई एवं कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र के 15वें सत्रान्त के अवसर पर सिलाई मशीन, लैपटॉप एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह-2026 का आयोजन आर्य महिला पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, चेतगंज में हुआ।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी सैकड़ों छात्राओं के चेहरे उस वक्त खुशी से खिल उठे जब उन्हें स्वावलंबी बनने का साधन अपने हाथों में मिला।समारोह के मुख्य अतिथि शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि - "बेटियों को हुनरमंद बनाना ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। काशी अन्नपूर्णा ट्रस्ट पिछले 15 वर्षों से जिस निष्ठा से बेटियों को आत्मनिर्भर बना रहा है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। सरकार भी ऐसे प्रयासों के साथ खड़ी है।"
महंत, ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत शंकरपुरी ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि अन्नपूर्णा की नगरी काशी में अन्न के साथ-साथ संस्कार और स्वावलंबन का दान सबसे बड़ा दान है। ये मशीनें सिर्फ सिलाई नहीं करेंगी, बल्कि इन बेटियों के परिवारों के सुनहरे भविष्य की नींव सिलेंगी।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में के. जनार्दन शर्मा (एडमिनिस्ट्रेटर ट्रस्ट), आशीष जिंदल (ट्रस्टी), प्रो. रामनारायण द्विवेदी (प्राचार्य), शशिकांत दीक्षित और रचना दुबे (प्राचार्या, आर्य महिला पी.जी. कॉलेज) ने भी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।विशेष रूप से सहयोग रहा काशी मिश्रा, प्रदीप श्रीवास्तव, राकेश तोमर समेत अन्य रहे
