भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने लिया गड़वाघाट मठ का आशीर्वाद
पूर्वाचल की ओर बढ़ते लोकसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गड़वाघाट मठ पहुंचे।
वाराणसी, जेएनएन।पूर्वांचल की ओर बढ़ते लोकसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार शाम को संत मत अनुयायी आश्रम मठ गड़वाघाट पहुंचे। गायों को चारा खिलाया और संत समागम में भी शामिल हुए। संत समाधियों का दर्शन-पूजन किया और पीठाधीश्वर सद्गुरु स्वामी सरनानंद महाराज का आशीर्वाद लिया। शाम साढ़े छह बजे आश्रम पहुंचने पर आश्रम के महात्मागण ने उनका स्वागत किया तो अनुयायियों ने फूल बरसाए। संत समागम के मंच पर पीठाधीश्वर सद्गुरु स्वामी सरनानंद महाराज ने कहा कि राजनीति का अध्यात्म के लिए समय देना देश के लिए शुभ संकेत है।
आध्यात्मिक ज्ञान से ही देश और विश्व सभी संकटों से मुक्ति पा सकता है। उन्होंने देश के हजारों -हजार वेदना पीड़ित लोगों को सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक अधिकार दिलाने में भागीदारी का आह्वान किया। कहा उनके आंसू पोछने में कामयाब हुए तभी देश में खुशहाली आ सकती है। मठ गड़वाघाट पीठाधीश्वर ने भाजपाध्यक्ष के कुशल नेतृत्व को सराहा, मंगलमय जीवन व मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद दिया। पुष्प, स्मृति चिह्न और प्रसाद स्वरूप रूद्राक्ष भेंट किया। विभोर मन से शाह ने हाथ जोड़ पुन: प्रणाम कर किया।
हालांकि आचार संहिता का हवाला देते हुए उन्होंने मंच से कुछ भी बोलने से परहेज किया। बाबा प्रकाश ध्यानानंद, बाबा धर्मदर्शनानंद, हरिध्यानानंद समेत संतों ने स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में सद्गुरु स्वामी सरनानंद महाराज ने कहा कि संतों के समक्ष जो भी श्रद्धा भाव से आता है, वह अपनी भावनानुसार आशीर्वाद पाता है। संत मत अनुयायी आश्रम मठ गड़वाघाट सर्व धर्म सद्भाव की मिसाल है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप