जेएनयू में सब कानून के मुताबिक होगा, गृह मंत्रालय राष्ट्र विरोधी तत्वों पर रखे हुए है नजर : डा. महेंद्र नाथ पांडेय
गृह मंत्रालय राष्ट्र विरोधी तत्वों पर नजर रखे हुए है। जेएनयू पर भी पूरी नजर है। वहां पर सब कुछ कानून के मुताबिक ही चलेगा।
वाराणसी, जेएनएन। गृह मंत्रालय राष्ट्र विरोधी तत्वों पर नजर रखे हुए है। जेएनयू पर भी पूरी नजर है। वहां पर सब कुछ कानून के मुताबिक ही चलेगा। ये गृह मंत्रालय की प्राथमिकता है। मोदी युग में कानून का राज है और यह कायम रहेगा।
केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने उक्त बातें मंगलवार को सर्किट हाउस में मीडिया से कही। एक प्रश्न के जवाब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तरुण गोगोई के बयान को अशोभनीय बताया। कांग्रेस नेता ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टू-नेशन थ्योरी पर काम कर रहे हैं। उन्होंने मोदी की तुलना जिन्ना से की थी। डा. पांडेय ने कहा कि तरुण गोगोई को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए। इसके पूर्व डा. पांडेय अपने संसदीय क्षेत्र चंदौली के शिवपुर और अजगरा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि प्रस्तावित कार्यों की कार्ययोजना तैयार हो गई है। जल्दी ही कार्य शुरू हो जाएंगे। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा समेत श्रीनिकेतन मिश्र, उमेशदत्त पाठक, शिवजी सिंह, नवनीत श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।