अखिल भारतीय पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी प्रतियोगिता 24 फरवरी से बड़ालालपुर के एस्ट्रो टर्फ मैदान पर
भारतीय पद्मश्री मोहम्मद शाहिद आमंत्रण प्राइजमनी हॉकी प्रतियोगिता 24 फरवरी से दो मार्च तक डा. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर के हॉकी एस्ट्रो टर्फ मैदान पर खेली जाएगी।
वाराणसी, जेएनएन। द्वितीय अखिल भारतीय पद्मश्री मोहम्मद शाहिद आमंत्रण प्राइजमनी हॉकी प्रतियोगिता 24 फरवरी से दो मार्च तक डा. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर के हॉकी एस्ट्रो टर्फ मैदान पर खेली जाएगी। सिगरा स्टेडियम में आरएसओ कार्यालय में गुरुवार को हॉकी वाराणसी के मुख्य संरक्षक जगदीप मधोक और मो.शाहिद की पत्नी परवीन शाहिद ने संवाददाताओं को बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश व क्षेत्रीय खेल कार्यालय वाराणसी के तत्वावधान में हॉकी इंडिया के निर्देशन में यह प्रतियोगिता खेली जाएगी। इसमें विजेता टीम को दो लाख रुपये, उप विजेता टीम को एक लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी एवं आयोजन सचिव आरपी सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में गत विजेता दक्षिण मध्य रेलवे सिकंदराबाद, सीएजी दिल्ली, ओएनजीसी, उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज, पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर, मुंबई कस्टम्स, पंजाब एंड सिंध बैंक, जालंधर, उत्तर रेलवे दिल्ली, पूर्व तटीय रेलवे भुवनेश्वर, हॉकी भोपाल, पूर्वाचल एकादश वाराणसी और यूपी संयुक्त छात्रावास की टीमें हिस्सा लेंगी। लीग कम नाक आउट आधार पर यह प्रतियोगिता खेली जाएगी। इस बाबत तैयारियों को भी आयोजन समिति अंतिम रुप देने में जुट गई है।
पूर्वांचल एकादश का चयन कल
पूर्वांचल हॉकी एकादश का चयन 22 फरवरी को सुबह 10 बजे से होगा। टीम में 18 खिलाडिय़ों का चयन किया जाएगा। हॉकी वाराणसी की अध्यक्ष नीलू मिश्रा के अनुसार इच्छुक खिलाड़ी अपने आधार कार्ड के साथ बड़ा लालपुर में स्टेडियम में संयुक्त सचिव इदरीस अहमद, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सतीश नारायण सिंह और एनआइएस कोच आशीष ठाकुर से संपर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।