काशी में आ रहे अखिलेश यादव, दौरे की तैयारियों को सपा प्रतिनिधिमंडल दे रहा अंतिम रूप
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के 31 अक्टूबर को वाराणसी के सजोई गांव में संभावित कार्यक्रम को लेकर सपा प्रतिनिधिमंडल ने ...और पढ़ें

अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे की तैयारियां तेज, सपा प्रतिनिधिमंडल ने किया निरीक्षण।
HighLights
अखिलेश यादव का 31 अक्टूबर को वाराणसी दौरा संभावित।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
हेलीपैड, पार्किंग, जनसभा स्थल की व्यवस्थाएं जांची गईं।
जागरण संवाददाता, (सेवापुरी) वाराणसी। आराजी लाइन विकास खंड के सजोई गांव में आगामी 31 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संभावित कार्यक्रम को लेकर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सपा के प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए हेलीपैड,पार्किंग स्थल और जनसभा स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल में चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह,सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल तथा पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पूर्व मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों को लेकर चर्चा भी की गई। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेश सिंह, विधानसभा अध्यक्ष गोपाल, ग्राम प्रधान राजेश पटेल, निरंजन राजभर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा प्रतिनिधि मंडल के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी नेताओं द्वारा निरीक्षण किए जाने के बाद संभावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। जंसा थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने बताया कि समाजवादी पार्टी की रैली को लेकर परमिशन के लिए पत्र शासन से आया है जिसके लिए हमारी टीम भी गई हैं।
