हवाई अड्डे पर हवा में चक्कर लगाते विमान ने जांची लैंडिंग तकनीक
एलबीएस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम की जांच की।
वाराणसी, जेएनएन। एलबीएस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम की जांच की। मौके पर मौजूद अधिकारियों के मुताबिक जांच में सब कुछ सही पाया गया। अफसरों ने बताया कि लैंडिंग से जुड़े उपकरणों की जांच के लिए ये जांच कराई जाती है। जांच में सभी उपकरण दुरुस्त मिले। इस जांच के लिए एएआइ के विशेष विमान ने 10 किलोमीटर के दायरे में चक्कर लगाकर जांच की।
गुरुवार सुबह वाराणसी एयरपोर्ट पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण मुख्यालय का स्पेशल एयरक्राफ्ट पहुंचा। आधुनिक संसाधनों से लैस विमान में जांच के लिए विशेषज्ञ सवार थे। एलबीएस एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान होने वाली समस्याओं के साथ ही आईएलएस कैलिब्रेशन जांच की गई। दिल्ली से आए एक अधिकारी ने बताया कि इस तरह की जांच एएआइ द्वारा समय समय पर की जाती है। ये जांच विमानों और यात्रियों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण होती है।
आइएलएस कैलिब्रेट होना जरूरी
एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि आइएलएस नियमित तौर पर कैलिब्रेट नहीं करता तो विमान दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। कैलिब्रेट न होने से आइएलएस सटीक तरीके से काम नहीं करता है। ऐसा होने पर पायलट को लैंडिग की सही जानकारी नहीं मिल पाती है। जानकारी के अभाव में पायलट रनवे से पहले या बाद में भी लैंड कर सकता है।