विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में एयर शो के ल‍िए एयरफोर्स ने किया हवाई सर्वे, सुरक्षा कारणों से कब्जे में लेगा नमो घाट

By Ashok Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 01 Oct 2026 11:00 AM (IST)

काशी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो की तैयारियों के तहत वायुसेना ने नमो घाट ...और पढ़ें

वायु सेना मध्य कमान प्रयागराज की तैयारियों का हिस्सा, बनना है एटीसी टावर।

वायु सेना मध्य कमान प्रयागराज की तैयारियों का हिस्सा, बनना है एटीसी टावर।

HighLights

  1. काशी में 22, 23 व 25 अक्टूबर को एयर शो का आयोजन।

  2. वायुसेना ने नमो घाट और आसपास के क्षेत्र का किया हवाई सर्वे।

  3. सुरक्षा कारणों से वायुसेना नमो घाट को अपने कब्जे में लेगी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी में 22, 23 व 25 अक्टूबर को एयर शो का आयोजन होना है। मध्य क्षेत्र कमान प्रयागराज की तरफ से होने वाले इस आयोजन के लिए तैयारियां शुरू हो गईं हैं। इसी क्रम में बुधवार को वायुसेना का हेलीकाप्टर नमो घाट और उसके आसपास क्षेत्र में हवाई सर्वे किया। साथ ही वायुसेना गुरुवार से नमो घाट को अपने कब्जे में ले सकता है।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक वायुसेना अपनी जरूरत के हिसाब से नमो घाट के कुछ क्षेत्र को अधिग्रहित करेगा। जरूरत पड़ने पर वह पूरे हिस्से को भी अधिग्रहित कर सकता है। आगे नमो घाट को बंद किया जा सकता है। इसी सब के सर्वे के लिए वायुसेना का हेलीकाप्टर पहुंचा। हेलीकाप्टर के उड़ान भरने की वजह से घाट के किनारे के लोगों की उत्सुकता बढ़ गई।

अधिकारियों का कहना है कि ये गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी। देखा जाय तो एयर शो के लिए मात्र 22 दिन ही शेष रह गया है। इस बड़े आयोजन को सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए घाट पर ही एक विशेष एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) टावर तैयार किया जाना है।

वायुसेना के खुद के एटीसी अधिकारी इन उड़ानों की निगरानी करेंगे और इस दौरान एयरपोर्ट के नियमित एटीसी का प्रयोग नहीं किया जाएगा। एयर शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत 4000 से अधिक वीआईपी तक को शामिल होना है। ये सभी नमो घाट पर ही रहेंगे। इस सब को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।