दीपावली से पहले वाराणसी में बढ़ा पेंट बाजार का कारोबार, प्लास्टिक पेंट और ब्रांडेड उत्पादों की धूम
मानसून की विदाई और दीपावली नजदीक आने के साथ वाराणसी के पेंट बाजार में रौनक बढ़ गई है, जहां ग्राहक ...और पढ़ें

दीपावली से पहले पेंट बाजार में बढ़ी खरीदारी, प्लास्टिक पेंट की मांग सर्वाधिक।
HighLights
दीपावली से पहले वाराणसी के पेंट बाजार में रौनक बढ़ी।
ग्राहक डिस्टेंपर की जगह प्लास्टिक पेंट को अधिक पसंद कर रहे।
पेंट की कीमतों में 10 से 30 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मानसून की विदाई और दीपावली नजदीक आने के साथ पेंट बाजार में रौनक बढ़ गई है। त्योहार पर घरों को नया लुक देने के लिए लोग साफ-सफाई के साथ रंग-रोगन की तैयारी कर रहे हैं। मैदागिन स्थित पेंट मंडी में डिस्टेंपर, प्लास्टिक पेंट और पुट्टी की मांग बढ़ी है। हालांकि, पिछले साल के मुकाबले कीमतों में इजाफे से ग्राहकों को अधिक खर्च करना पड़ रहा है।
कारोबारियों के अनुसार, ग्राहक सस्ते और सामान्य उत्पादों के बजाय अच्छी गुणवत्ता वाले, नामी कंपनियों के पेंट को प्राथमिकता दे रहे हैं। डिस्टेंपर में पैकेट की तुलना में बाल्टी वाले उत्पाद अधिक बिक रहे हैं। प्लास्टिक पेंट ग्राहकों को अधिक पसंद आ रहे हैं जिससे इसकी मांग अधिक है। दीवारों को चिकना करने के लिए ग्राहक पुट्टी भी खरीद रहे हैं। बाजार में अलग-अलग कंपनियों के पेंट, प्राइमर और पुट्टी विभिन्न कीमतों पर उपलब्ध हैं।
पेंट की कीमतों में बढ़ोतरी
पेंट और रंग-रोगन के सामान के दाम पिछले साल की तुलना में 10 से 30 फीसदी तक बढ़े हैं। 10 किलो डिस्टेंपर की बाल्टी, जो पिछले साल 450 से 650 रुपये में मिलती थी, अब 500 से 700 रुपये की है। 20 किलो की बाल्टी 800 से 1000 रुपये में बिक रही है; पिछले साल इसका दाम 750 से 900 रुपये था। 10 किलो प्लास्टिक पेंट की बाल्टी इस बार 1300 से 7000 रुपये में मिल रही है, जबकि पिछले साल कीमत 1000 से 6000 रुपये थी।
20 किलो की बाल्टी के लिए ग्राहकों को 2000 से 13,000 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। पिछले साल यह 1800 से 10,000 रुपये में उपलब्ध थी। पेंट से पहले इस्तेमाल होने वाली 40 किलो पुट्टी की बोरी अब 700 से 900 रुपये की है। पिछले साल इसका दाम 650 से 800 रुपये था।
एक लीटर इनेमल यानी आयल पेंट 290 से 350 रुपये में मिल रहा है, जो पिछले साल 220 से 260 रुपये का था। पेंट के साथ तारपीन तेल की बिक्री भी बढ़ी है। ग्राहक लोकल उत्पादों के बजाय ब्रांडेड तारपीन तेल पसंद कर रहे हैं। एक लीटर ब्रांडेड तेल 190 रुपये और आधा लीटर 100 रुपये में मिल रहा है। ग्राहकों के अनुसार, लोकल तेल सस्ता है, लेकिन टिकाऊपन में ब्रांडेड उत्पाद बेहतर हैं।
ब्रश के मुकाबले रोलर की ओर बढ़ा रुझान
इस बार ब्रश की तुलना में रोलर की मांग अधिक है। इनके दाम में बढ़ोतरी नहीं हुई है। एक, दो, तीन और चार इंच के ब्रश क्रमशः 20, 40, 75 और 120 रुपये में उपलब्ध हैं। दो, चार, छह और नौ इंच के रोलर क्रमशः 50, 65, 75 और 120 रुपये में मिल रहे हैं। वहीं, डिस्टेंपर एक, दो, पांच और दस किलो के पैक में, जबकि प्लास्टिक पेंट एक, चार, दस और 20 किलो के पैक में उपलब्ध है। आयल पेंट 50 ग्राम से 20 लीटर तक के पैक में मिल रहा है।
- घर में रंग-रोगन का काम चल रहा है। बाजार में ब्रांडेड आयल पेंट लेने आया हूं। -सम्यक जैन, ग्राहक।
- मकान में पेंट कराने के लिए डिस्टेंपर, स्टेनर, ब्रश आदि की खरीदारी किया हूं। - अशोक कुमार, ग्राहक।
- दीपावली पर्व को लेकर बाजार में उत्साह है। बेहतर कारोबार की अपेक्षा की जा रही है। -संतोष कुमार सिंह, पेंट कारोबारी।
- अधिकतर ग्राहक प्लास्टिक पेंट लेने आ रहे हैं। एक बार पेंट करने पर चार से पांच साल चलता है। -बागी, पेंट कारोबारी।
