वाराणसी में ससुराल की प्रताड़ना के बाद मृत महिला का पति मोबाइल बन्द कर गायब, सास-ससुर जेल गए
महिला द्वारा बेटी का गला दबाकर जान से मारने के बाद खुद भी आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोप के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सास ससुर को गुरुवार को ही हिरासत में ले लिया।
वाराणसी, जेएनएन। महिला द्वारा बेटी का गला दबाकर जान से मारने के बाद खुद भी आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोप के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सास ससुर को गुरुवार को ही हिरासत में ले लिया। वहीं शिकायत मिलने के बाद आनन फानन शुक्रवार को दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। वहीं नई दिल्ली से फ्लाइट पकड़कर घटना के कुछ देर बाद निकलने वाला पति आखिरकार शुक्रवार की शाम तक अपने घर नहीं पहुंचा। जबकि पुलिस ने जांच में सहयोग के लिए पति को बुलाया था। जबकि मां और पिता को जेल भेजे जाने की जानकारी होने के बाद पति घर पहुंचने से पहले ही फोन आफ कर गायब हो गया।
वाराणसी में भेलूपुर के नेवादा में मृत पत्नी उन्नति और बेटी प्रिसा की मौत की जानकारी मिलने के बाद पति उमेश कुमार दिल्ली से फ्लाइट पकड़कर घर के लिए निकला था। दिल्ली से निकलते समय अपने अपने ससुर दिनेश सिंह से फोन पर बात भी की थी। बात करने के बाद उसका मोबाइल बन्द हो गया। इंस्पेक्टर भेलूपुर रमाकांत दुबे ने बताया कि हिरासत में लिए गए सास जगपति देवी और ससुर सुधुराम को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच पड़ताल में ससुराल में सास और ससुर के द्वारा उन्नति को प्रताड़ित करने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद ही महिला ने जान देने जैसा खौफनाक कदम उठाया।
वहीं उन्नति के शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को पेपर पहुंचने में देर होने के कारण नहीं हो सका। देर रात में जिलाधिकारी से परमिशन लिया गया, लेकिन परिजन देर रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम सुबह कराने के लिए तैयार हो गए। शुक्रवार को दोनों शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस को इस मामले में आरोपित पति का भी इंतजार है, ताकि मामले में विधिक कार्रवाई से पूर्व पूरी जांच पड़ताल की जा सके।