चंदौली में 10 हजार का इनामी बीडीसी गिरफ़्तार, किशोरी से छेड़छाड़ का है आरोपी
कंदवा में किशोरी से छेड़छाड़ करने के आरोपी एवं दस हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, पुलिस बीडीसी के दो अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
चंदौली (जेएनएन) ।: कंदवा क्षेत्र में किशोरी से छेड़छाड़ करने के आरोपी एवं दस हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसी के साथ पुलिस बीडीसी के दो अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। दरअसल, सनसनीखेज मामले दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भी केस दर्ज है। पुलिस छानबीन में दो अन्य आरोपितों की पहचान कर ली है। गिरफ्तारी से पूर्व आरोपित कई रसूखदारों के संपर्क में रहा, जिनके बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।
हुअा था छेड़छाड़ पर बवाल
कंदवा क्षेत्र के एक गांव में बीडीसी ने दो साथियों के साथ एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ की थी। उस घटना के प्रतिशोध में अागजनी हुई थी। अग्निकांड में दो चार पाहिया वाहन भी जल गए थे। अनुसूचित जाति की किशोरी से छेड़छाड़ के बाद आगजनी ने मामले को गंभीर बना दिया था। पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह पुलिस की कार्रवाई की मानीटरिंग कर रहे थे। ऐसे में पुलिस मुख्य आरोपित के पीछे साए की तरह पड़ी थी। सोमवार की सुबह साढ़े सात बजे सीओ को मुखबिर ने आरोपित बीडीसी के बारे में इत्तला दी।
आरोपी हिरासत में
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस की उन सारी जांच पर मुहर लगा दी, जिसे पुलिस सच के इर्दगिर्द समझ रही थी। सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि दो लोगों के नाम उजागर हो गए हैं। दोनों ही क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। पुलिस आरोपितों को जल्द की गिरफ्तार कर लेगी। गौरतलब है कि एसपी ने इस मामले में बढ़ते दबाव के दृष्टिगत आरोपित पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम में इंस्पेक्टर कंदवा चित्रकूट पुरी, दारोगा अवधेश सिंह समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।