जौनपुर में मर्चेंट नेवी में कार्यरत युवक ने पत्नी से विवाद के बाद घर में फांसी का फंदा लगाकर दी जान
शहर के उमरपुर (नईगंज) में रविवार की रात किसी समय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी सोमवार की सुबह परिजनों को हुई।
जौनपुर, जेएनएन। शहर के उमरपुर (नईगंज) में रविवार की रात किसी समय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी सोमवार की सुबह परिजनों को हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई तो मौके पर टीम पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई।
महराजगंज थाना क्षेत्र के सवंसा गांव निवासी आदर्श सिंह (26) पुत्र सूबेदार सिंह मर्चेंट नेवी में कार्यरत था। वह उमरपुर (नईगंज) में अध्यापक दंपती श्रीनेत सिंह-निधि सिंह के मकान के दूसरे तल पर किराएदार के तौर पर करीब चार महीने से पत्नी समेत रह रहा था। तीन दिन पूर्व किसी बात को लेकर कहासुनी होने पर आदर्श सिंह ने पत्नी को मायके मुरादगंज थाना लाइन बाजार पहुंचा दिया था।
रविवार की शाम मोबाइल फोन पर फिर पत्नी से विवाद हो गया था। सोमवार की सुबह उनकी पत्नी कमरे पर आई तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। खटखटाने और आवाज लगाने पर भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। खिड़की से झांका तो कमर में छत में लगे पंखे में फांसी के सहारे लटका आदर्श सिंह का शव दिखते ही रोने-बिलखने लगी। जानकारी होने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है।