विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागवानी का शौक आपको द‍िला सकती है बड़ी पहचान, जुड़‍िए दैन‍िक जागरण के 'हमारी बगिया' प्रत‍ियोग‍िता से

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 08 Apr 2026 04:38 PM (IST)

दैनिक जागरण वाराणसी में "हमारी बगिया" प्रतियोगिता शुरू कर रहा है। यह पहल बागवानी के शौकीनों को पहचान और सम्मान ...और पढ़ें

दैनिक जागरण की 'हमारी बगिया' प्रतियोगिता: वाराणसी में अपनी बागवानी को दें पहचान।

दैनिक जागरण की 'हमारी बगिया' प्रतियोगिता: वाराणसी में अपनी बागवानी को दें पहचान।

जागरण संवाददाता, वाराणसी : यदि आपको बागवानी का शौक है और आप पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जागरूक हैं, तो दैनिक जागरण की अनूठी प्रतियोगिता आपके लिए एक सुनहरा अवसर लेकर आई है। वाराणसी की गलियों और छतों पर फैली हरियाली अब न केवल आपको सुकून देगी, बल्कि आपको पहचान और सम्मान भी दिलाएगी।

दैनिक जागरण की विशेष पहल "हमारी बगिया" प्रतियोगिता का आगाज होने जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से वाराणसी के उन प्रकृति प्रेमियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने सीमित संसाधनों और मेहनत से अपने घर के भीतर एक सुंदर बागवानी का संसार बसाया है।

इस प्रतियोगिता को शहर की बदलती भौगोलिक स्थिति और बढ़ते अपार्टमेंट कल्चर को ध्यान में रखते हुए तीन मुख्य श्रेणियों में विभाजित किया गया है
1. बेस्ट होम गार्डन: स्वतंत्र घरों के आंगन या लॉन में की गई बागवानी के लिए।
2. बेस्ट बालकनी गार्डन: फ्लैट्स और अपार्टमेंट की बालकनी में सजाए गए पौधों और वर्टिकल गार्डन के लिए।
3. बेस्ट टेरेस गार्डन: छत पर उगाई गई जैविक सब्जियों, फलों और फूलों की बगिया के लिए।

प्रतियोगिता की निष्पक्षता और तकनीकी बारीकियों को परखने के लिए एक विशेषज्ञों का पैनल विजेताओं का चयन करेगा। जजों का पैनल पौधों की विविधता, उनकी सेहत, रचनात्मकता और ऑर्गेनिक खाद के उपयोग के आधार पर विजेताओं का चुनाव करेगा।

प्रतियोगिता में भाग लेना बेहद सरल है। प्रतिभागी को अपने मोबाइल से निम्नलिखित प्रक्रिया अपनानी होगी:
1. अपने गार्डन की साफ फोटो खींचें।
2. गार्डन की खासियत बताते हुए 1 से 3 मिनट का एक छोटा वीडियो रिकॉर्ड करें।
3. अपना नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर लिखकर फोटो और वीडियो को व्हाट्सएप नंबर [7800998413 / 9794954433] पर भेज दें।
4. साथ ही अपने गार्डन के बारे में 2-3 पंक्तियां लिखकर अपनी प्रेरणा भी साझा करें।

इस अभियान का उद्देश्य केवल पुरस्कार बांटना नहीं है, बल्कि वाराणसी को 'ग्रीन सिटी' बनाने की दिशा में एक जन-आंदोलन खड़ा करना है। विशेषज्ञों के अनुसार, घर में बागवानी करने से न केवल बढ़ते तापमान और प्रदूषण से राहत मिलती है, बल्कि यह मानसिक तनाव को दूर करने का एक सशक्त माध्यम भी है।

दैनिक जागरण की इस पहल से शहरवासियों में पर्यावरण के प्रति एक नई चेतना जागृत होगी। "हमारी बगिया" सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि वाराणसी के हर घर को प्रकृति से जोड़ने का एक संकल्प है। आइए, अपनी मेहनत से संवारी हरियाली को दुनिया के सामने लाएं।