वाराणसी में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार का हाथ कटा
वाराणसी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर जारी है, जहां महमूरगंज-मंडुवाडीह आरओबी पर एक बाइक सवार लाल बाबू यादव गंभीर ...और पढ़ें

वाराणसी में चाइनीज मांझे से कटा बाइक सवार का हाथ, अस्पताल में भर्ती।
HighLights
वाराणसी में चाइनीज मांझे से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल।
महमूरगंज-मंडुवाडीह आरओबी पर मांझे से हाथ कटा, लहूलुहान हुए।
घायल लाल बाबू यादव अस्पताल में भर्ती, मांझे पर रोक की मांग।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रतिबंध के बावजूद चाइना मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। महमूरगंज-मंडुवाडीह आरओबी पर चाइना मांझा फंसने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इन दिनों गर्मियां खत्म होने के बाद आसमान में उड़ान भर रही पतंगें जानलेवा साबित हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार शक्तिपुरम कालोनी भीटारी, नियर जेलर साहब मकान निवासी लाल बाबू यादव उम्र 45 वर्ष रिलायंस पेट्रोल पंप महमूरगंज से पेट्रोल भरवाकर मंडुवाडीह की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह महमूरगंज-मंडुवाडीह आरओबी पर पहुंचे, अचानक सड़क पर लटक रहे चाइना मांझे की डोर उनके हाथ में फंस गई। तेज धार वाले मांझे से उनका हाथ कट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तुरंत घायल लाल बाबू यादव को नजदीकी मंडुवाडीह स्थित शांडिल्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों ने चाइना मांझे की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
