छत्तीसगढ़ में सेंचुरी के जंगलों के समीप पहुंचा सोनभद्र के उपद्रवी हाथियों का दल
शुक्रवार की रात चकदही गडरू होते हुए सेंचुरी एरिया के नजदीक पहुंचने की सूचना शनिवार काे वन विभाग को मिली है।
सोनभद्र, जेएनएन। करीब बीस दिनों से छत्तीसगढ़ के सेन्चुरी एरिया से भटके हाथी दर्जनों गांव में नुकसान पहुंचाने के बाद शुक्रवार की रात चकदही गडरू होते हुए सेंचुरी एरिया के नजदीक पहुंचने की सूचना शनिवार काे वन विभाग को मिली है। वन विभाग के अनुसार टीम हाथियों को सेंचुरी के जंगलों में भेजने में जुटी है। शनिवार की रात निगरानी हुई तो हाथियों का भटका हुआ यह उपद्रवी दल जंगलों तक वापस पहुंच जाएगा। हाथियों का यह समूह सोनभद्र के साथ ही मध्यप्रदेश आदि के इलाकों में भी कई दिनों से उपद्रव मचा रहा था। कई सप्ताह से क्षेत्र में हाथियों की सक्रियता बनी हुई थी और उनके उपद्रव से खेती किसानी के साथ लोगों के घरों को भी काफी नुकसान पहुंचा था।
छत्तीसगढ़ के सेन्चुरी एरिया से भटके हाथियों का झुण्ड छत्तीसगढ़ के सेंचुरी तक पहुंच गया है। वन विभाग की टीम ग्रामीणोंं की मदद से हाथियों को खदेडने में लगी है। वन क्षेत्राधिकारी रामशरन राम ने कहा कि हाथियों का दल छत्तीसगढ़ के सेंचुरी के नजदीक गरूड व चकदही के जंगल तक पहुंच गये हैं। हाथियों का झुण्ड शुक्रवार की रात किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाते हुए गांव होते हुए जंगलों के रास्ते सेंचुरी के नजदीक पहुंच गये हैं। वन विभाग के अनुसार हाथियों ने शुक्रवार को मकानों को तो क्षति नही पहुंचाया लेकिन दर्जनों किसानों की फसलों को क्षति पहुंचाया।
हाथियों द्वारा हुए नुकसान का विभाग आंकलन करने मे लगा है। वन विभाग उम्मीद कर रहा है कि यदि शनिवार को हाथियों की निगरानी हो गयी तो हाथी सेन्चुरी के जंगल में चले जाएंगे। जिससे क्षेत्र में काफी समय से हाथियों के उपद्रव का बना खतरा दूर हो जाएगा। वहीं सोनभद्र जिले में काफी समय से हाथियों का आतंक रहा है। हाथियों के लगातार उपद्रव से लोगों का घर और खेत नष्ट हो रहे थे। जिसकी वजह से वन विभाग पर भी हाथियों के झुंड पर कार्रवाई का दबाव बन रहा था।