लोकसभा चुनाव में सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर 80 सीटों पर उतारेंगे प्रत्याशी
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और भजपा सरकार में सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर की भाजपा से दूरियां बढ़ती जा रही है।
वाराणसी, जेएनएन। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सरकार में सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर की भाजपा से दूरियां बढ़ती जा रही है। कैबिनेट मंत्री के बयान पर भाजपा मंत्री भी हमला बोलने लगे हैं। लगातार दोनों दलों से बयानबाजी होने और लोकसभा चुनाव सीटों के बंटवारे को लेकर कोई निर्णय नहीं होने पर गठबंधन टूटने की कगार पर पहुंच गया है। सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने 24 फरवरी को कटिंग मेमोरियल मैदान में विशाल जनसभा करने के साथ लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सुभासपा के कार्यकर्ता गांव-गांव और मुहल्लों में बैठक कर सम्मेलन को सफल बनाने में जुट गए हैं।
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री होने के बाद भी ओमप्रकाश राजभर लगातार सरकार पर हमला बोलते रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ से मिलने के बाद भी उन्होंने बयानबाजी कम नहीं की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें चेतावनी तक दे डाली, फिर भी वह बयानबाजी करते रहे। भाजपा और योगी सरकार में तवज्जों नहीं मिलने पर ओमप्रकाश ने लोकसभा चुनाव अकेले लडऩे का निर्णय लिया है। सुभासपा के प्रदेश महासचिव शशि प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा के साथ गठबंधन तोडऩा नहीं चाहते हैं लेकिन योगी सरकार उनकी बातों और मांगों दोनों को दरकिनार कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लोकसभा चुनाव अकेले लडऩे का निर्णय लिया है।