वाराणसी में नौ गांव के चक्कर में 79 नहीं हो पाए शहरी, राजस्व दस्तावेजों के स्थानांतरण में समस्या
वाराणसी में नौ ग्रामसभा को भी नगर निगम की सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया। शासन से अभी स्वीकृति नहीं मिलने के कारण 79 गांव शहरी नहीं हो पाए है।
वाराणसी, जेएनएन। नगर निगम की सीमा का चारों तरफ विस्तार की बात कई वर्षों से चल रही है। बीते वर्ष 79 गांवों को नगर निगम में शामिल करने का प्रस्ताव शासन ने स्वीकृत कर दिया। जब प्रस्ताव पास हो गया तो जानकारी हुई कि नौ ऐसे गांव छूट गए हैं जो नगर निगम से तो सटे हैं लेकिन उन्हें शामिल नहीं किया गया। इसी कारण नौ ग्रामसभा को भी नगर निगम की सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया। शासन से अभी स्वीकृति नहीं मिलने के कारण नौ गांव के चक्कर में 79 गांव शहरी नहीं हो पाए हैं।
शासन ने जो प्रस्ताव भेजा उसमें बेदौली, भिटारी, दनियालपुर, भवानीपुर, लालपुर, बनियापुर और पिसौर ऐसे थे जो पूरी तरह से शहरी सीमा से सटे और कालोनियों के रूप में विकसित हो रहे थे। कुछ के बाद के गांवों को शामिल कर लिया गया था। इस कारण इन्हें शहरी सीमा के बीच में छोड़ा नहीं जा सकता था। हरिबल्लभपुर व ऐढ़े को आंशिक रूप से शामिल किया गया था। इन दोनों गांवों के बाद के कुछ गांवों को भी शहरी सीमा में शामिल किया गया था। इन्हें आंशिक रूप से शामिल करने में राजस्व दस्तावेजों के स्थानांतरण में समस्या थी। इस कारण नौ गांवों को शामिल करने का नया प्रस्ताव शासन की स्वीकृति के लिए जनवरी में भेजा गया। कुछ गांवों में प्रधान भी सफाई आदि पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस कारण ये गांव रहे न ही शहर बन पाए हैं।
नगर निगम की मिलेंगी सुविधाएं
गांवों के शहरी सीमा में शामिल होने के बाद सड़क, सीवर, सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, स्ट्रीट लाइट और पार्क जैसी सुविधाएं नगर निगम के तहत दी जाएगी। यहां प्रधानी की जगह पार्षदी का चुनाव होगा। इससे नगर निगम की सीमा में भारी वृद्धि हो जाएगी।
नौ गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव शासन में स्वीकृति के लिए भेजा गया
नगर निगम की सीमा विस्तार के लिए 79 राजस्व गांव शामिल किए गए थे। उसमें कुछ विसंगतियां थीं, इसी कारण बाद में नौ गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव शासन में स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
महेंद्र श्रीवास्तव, एसडीएम सदर।
नगर निगम की वर्तमान स्थिति
90-नगर निगम में कुल वार्ड
05-नगर निगम के अभी जोन
434- कुल मोहल्ले
192786-कुल भवन