पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनके संसदीय क्षेत्र काशी में बंटेगा 70 किलो का लडडू प्रसाद
पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रोहनिया में विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में 70 किलो का लडडू प्रसाद के रूप में बंटेगा।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर के सांसद और पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रोहनिया में विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में 70 किलो का लडडू प्रसाद के रूप में बंटेगा। इस दौरान शूल टंकेश्वर महादेव मंदिर पर रुद्राभिषेक होगा। वहीं शहर भर में कई आयोजनों का दौर दिन भर चलेगा। जबकि पीएम के जन्मदिन पर सेवा सप्ताह भी मनाया जा रहा है।
धर्मार्थ मंत्री ने किया गंगा का दुग्धाभिषेक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी दीर्घायुष्य कामना से काशी में दूध व केशर जल से मां गंगा का अभिषेक किया गया। प्रातः अहिल्याबाई घाट पर विप्र समाज के 21 वैदिक बटुकों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने पर्यटन व धर्मार्थ राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी के साथ मां गंगा का षोडशोपचार पूजन के उपरांत दूध व केशर जल से अभिषेक किया। दुग्धाभिषेक के पश्चात राज्यमंत्री ने कहा कि गंगा जी में प्रधानमंत्री मोदी जी की आस्था निहित है अतः आज इनका पूजन अर्चन कर मोदी जी के दीर्घायु की कामना की गयी। साथ ही प्रार्थना किया कि राष्ट्र की मजबूती हेतु इन्हें और शक्ति प्रदान करें। कार्यक्रम में भाजपा नेता पवन शुक्ला, विनय यादव, वेदमूर्ति शास्त्री, सुनील शर्मा, राजू बाजोरिया, मुन्ना रस्तोगी, उदित नारायण मिश्रा, दिलीप तुलस्यानी, प्रकाश कुमार, प्रमोद गुप्ता, अमन तिवारी, मनोज मिश्रा, लकी तिवारी, राजू पासवान आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70 वें जन्मदिन पर अस्सी स्थित पुष्कर तालाब पर ब्रह्मा वेद विद्यालय के बटुकों ने पीएम के यशस्वी और दीर्घायु होने की कामना को लेकर पूजन अर्चन किया साथ ही तालाब की सफाई कर पीएम के स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाया। जागृति फाउंडेशन एवं ब्रह्मा वेद विद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित समारोह का शुभारंभ वेद पाठी बटुकों ने मंगलाचरण करके किया। बटुको ने पीएम मोदी के निरोग एवं दीर्घायु होने की कामना को लेकर मंगलाचरण एवं वेद पाठ किया इसके पश्चात तालाब की सफाई की।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक रामयष मिश्र ने कहा कि आज हमारे देश के प्रधानमंत्री मोदी जी का जन्मदिन है। आज हम लोगों ने उनके दीर्घायु एवं यशस्वी होने की कामना करते हुए मां अन्नपूर्णा बाबा विश्वनाथ संकट मोचन, काल भैरव से प्रार्थना की यशस्वी रहें और देश को मजबूती प्रदान करें साथ ही तालाब की सफाई कर पीएम के स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाया गया। इस अवसर पर श्री ब्रह्मा वेद विद्यालय के अध्यापक एवं बटुक उपस्थित थे।
यह भी देखें: 70 साल के हुए पीएम मोदी, जानें उनसे जुड़ी कुछ खास बातें