वाराणसी में खपाने के लिए आया 31 किलो गांजा बरामद, बक्सर के तस्कर से हुई बरामदगी
सिगरा पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत वाराणसी में 31.275 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
HighLights
सिगरा पुलिस ने 31 किलो से अधिक गांजा पकड़ा।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये।
बिहार के बक्सर से आया तस्कर गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सिगरा पुलिस ने आपरेशन चक्रव्यूह के तहत 31.275 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा वीरो चार पहिया वाहन भी जब्त किया है। बरामद गांजा को वाराणसी में खपाया जाना था। हालांकि पुलिस और सच्चाई जानने के लिए पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को सिगरा क्षेत्र के पचपेडवा स्थित लोहे की पुरानी पानी की टंकी के पास कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के बक्सर जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के नवाडेरा गांव निवासी राज किशोर गोंड (27) के रूप में हुई है।
उसके पास से गांजे के 30 पैकेट बरामद किए गए। इसके अलावा तलाशी में 1400 रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन मिला। वाहन से पशु आहार की 10 बोरियां भी बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ सिगरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
