24 जनवरी : ग्राम पंचायतों में शुभारंभ के साथ मनेगा उत्तर प्रदेश दिवस, सभी विभागों को दी गई जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश दिवस 24 जनवरी को पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है।
वाराणसी, जेएनएन। उत्तर प्रदेश दिवस 24 जनवरी को पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 24 जनवरी के दिन प्रत्येक गांव में किसी न किसी विकास, निर्माण से संबंधित कार्य का शुभारंभ किया जाए। इसकी सभी विभागों व अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम सांस्कृतिक संकुल में आयोजित होगा। यहां कई स्कूलों के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश की संस्कृति, इतिहास, विकास, आगामी योजनाओं आदि पर चर्चा की जाएगी। उत्तर प्रदेश दिवस के उपलक्ष्य में गांवों में सड़क, चकरोड, जल निकासी की नाली, स्कूलों में शौचालय, खेल का मैदान, पेय जल की सुविधा, आंगनबाड़ी केंद्र, ओपेन जिम, पंचवटी, आवास, गो आश्रय केंद्र आदि से संबंधित कम से कम कोई एक कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का एक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की जो भी योजनाएं संचालित हो रही हैं उनमें से एक का चयन किया गया है। इसके लिए विकास, मनरेगा, निर्माण आदि मद से कार्य शुरू करने के लिए कहा गया है। सभी को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
क्यों मनाते हैं उत्तर प्रदेश दिवस
जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है उत्तर प्रदेश दिवस, मतलब राज्य के स्थापना का दिवस जो उत्साह से मनाया जाएगा। नागरिक संस्कृति और पंरम्परा से परिचित होते हैं। आगामी योजनाओं को जानने का अवसर मिलता है। 2018 से योगी आदित्यनाथ सरकार ने 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनाने की शुरुआत की। क्योंकि 24 जनवरी 1950 से पहले उत्तर प्रदेश को यूनाइटेड प्राविंस के नाम से पहचाना जाता था। इस दिन ही उत्तर प्रदेश नाम मिला। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा, कि उत्तर प्रदेश दिवस 1989 से 24 जनवरी को महाराष्ट्र में मनाया जाता रहा है। आयोजन के पीछे भाजपा नेता अमरजीत मिश्र के प्रयास थे। उन्होंने इस दिन को उत्तर प्रदेश में मनाने के लिए भी प्रयत्न किए परंतु उनका प्रयत्न सफल नहीं हुए। जब प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार आई तो फिर बात उठी और सफलता मिल गई।