Chandauli में ओवरब्रिज पर मरम्मत होने के कारण नेशनल हाईवे पर लगा 20 किमी जाम
हाईवे पर ट्रकों के महाजाम गुरुवार को भी चंदौली के लोग कराह उठे। इस जाम में जो फंसा उसका घंटों पसीना पोछते बीता।
चंदौली, जेएनएन। हाईवे पर ट्रकों के महाजाम गुरुवार को भी लोग कराह उठे। इस जाम में जो फंसा उसका घंटों पसीना पोछते बीता। सुबह से लगे जाम के कारण ट्रकों के टस से मस न होने से हल्के वाहन चालक गाडिय़ों से भी नहीं उतर पाए। दूसरे दिन सिंघिताली से एआरटीओ कार्यालय तक वाहनों की कतार लगने से स्थानीय लोग भी व्यवस्था पर अंगुली उठाने लगे।
सिंघीताली के पास नेशनल हाईवे ओवरब्रिज के पास हो रहे मरम्मत कार्य से दोनों लेनों पर लगभग बीस किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। इसके चलते जाम में फंसे लोग भूख प्यास से बिलबला उठे। एक लेन पर लोगों की आवाजाही बनी रहे इसके लिए पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर इन दिनों मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। सिंघिताली के पास ओवरब्रिज पर कार्य चल रहा है। मरम्मत कार्य के कारण यातायात वन वे हो गया है। इससे बहुत से वाहन चालक दूसरी लेन से भी विपरीत दिशा से वाहन लेकर जा रहे हैं। इससे एक लेन तो जाम चल ही रही दूसरी लेन पर भी जाम लगने से आवागमन ठप हो गया है। इन दिनों हाईवे की स्थिति इतनी खराब है कि औद्योगिक नगर से चंदौली तक दोनों तरफ लगभग बीस किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिसकर्मियों ने फंसे वाहनों को पास कराने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। कुछ छोटे वाहन नहर मार्ग या ग्रामीण मार्ग से किसी तरह आवागमन कर रहे। अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि वाहनों की आवाजाही बनी रहे इसके लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं कई स्थानों पर ट्रक खराब होकर मार्ग पर खड़े हो जाते हैं। इसके अलावा चालक ढाबों पर खाना खाने और रात में आराम करने के लिए हाईवे किनारे ट्रकों को खड़ा कर देते हैं एआरटीओ कार्यालय के समीप भी एक ट्रक पलट गया था। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। भीषण जाम के लिए यह भी बड़ा कारण रहा। परिवहन, यातायात विभाग व्यवस्था को सुचारू करने के लिए गंभीर नहीं है। इसके चलते ओवरलोडिंग और आए दिन लगने वाले जाम से निजात नहीं मिल पा रही है।