शरद पूर्णिमा पर शहीदों के नाम रोशन हुआ दशाश्वमेध घाट, गंगा में 101 दीपों का दान
शरद पूर्णिमा पर वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए आकाशदीप महोत्सव का आयोजन किया गया। ...और पढ़ें

शरद पूर्णिमा पर दशाश्वमेध घाट शहीदों के नाम रोशन, गंगा में दीपों से श्रद्धांजलि।
HighLights
दशाश्वमेध घाट पर शहीदों को श्रद्धांजलि हेतु आकाशदीप महोत्सव।
11 बलिदानी पुलिस-पीएसी जवानों को दीप प्रज्वलित कर याद किया।
गंगोत्री सेवा समिति ने गंगा में 101 दीपों का दान किया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। शरद पूर्णिमा की चांदनी में दशाश्वमेध घाट रविवार की शाम शहीदों की स्मृति में दीपों से रविवार की शाम जगमगा उठा। कर्तव्य पथ पर प्राण देने वाले पुलिस-पीएसी के 11 बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए गंगोत्री सेवा समिति ने वार्षिक आकाशदीप महोत्सव का आयोजन किया।
पीएसी बैंड की गमगीन धुनों के बीच विशिष्ट अतिथियों ने 11 आकाशदीप प्रज्वलित किए। बांस की टोकरियों में सजे ये दीप चंद्रहार की तरह दमक रहे थे। इसके बाद मां गंगा में 101 दीपों का दान किया गया।
श्रद्धांजलि पाने वाले जवानों में उपनिरीक्षक मोहित कुमार, सत्यभान सिंह, रहमत अली, संतोष कुमार यादव, आरक्षी अशोक कुमार, प्रदीप कुमार, जितेंद्र कुमार, रवनीश कुमार, निशांत चौधरी, फायर सर्विस चालक तीरथपाल और फायरमैन रोहित शामिल हैं। इससे पहले पांच वैदिक आचार्यों ने मां गंगा का षोडशोपचार पूजन किया।
समिति अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे ने बताया कि कार्तिक में आकाशदीप दिवंगत आत्माओं का मार्ग आलोकित करते हैं। आयोजन में सचिव दिनेश शंकर दुबे, कन्हैया त्रिपाठी समेत कई लोग मौजूद रहे। संचालन राजेश शुक्ला ने किया।
