विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बनारस घराने की कथक परंपरा से रूबरू होंगे बीएचयू के 100 विद्यार्थी

By Shailesh Asthana Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 27 Oct 2026 01:20 PM (IST)

बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय में बनारस घराने की कथक कार्यशाला शुरू हुई है। इसमें 100 विद्यार्थी पं. ...और पढ़ें

पं. माताप्रसाद और पं. रविशंकर मिश्र देंगे नृत्य की बारीकियों का प्रशिक्षण।

पं. माताप्रसाद और पं. रविशंकर मिश्र देंगे नृत्य की बारीकियों का प्रशिक्षण।

HighLights

  1. बीएचयू में पांच दिवसीय कथक कार्यशाला का शुभारंभ।

  2. पं. माता प्रसाद, पं. रविशंकर मिश्र देंगे कथक प्रशिक्षण।

  3. बनारस घराने की विशिष्ट तकनीकों पर होगा विशेष जोर।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। बनारस घराने के कथक की विशिष्ट तकनीक, पारंपरिक शैली और सौंदर्यबोध से बीएचयू के विद्यार्थी रूबरू होंगे। विश्वविद्यालय के संगीत एवं मंच कला संकाय के नृत्य विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ सोमवार को दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इसमें प्रख्यात कथक गुरु पं. माता प्रसाद मिश्र और पं. रविशंकर मिश्र विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे। कार्यशाला में शोधार्थियों सहित करीब 100 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। दीप प्रज्ज्वलन में नृत्य विभाग की अध्यक्ष डा. दीपान्विता सिंह राय, वाद्य संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश शाह, प्रो. प्रेम किशोर मिश्र, डा. विजय कपूर, डा. खिलेश्वरी पटेल, डा. चंदन विश्वकर्मा, राम मिश्र और सिद्धार्थ चक्रवर्ती आदि शिक्षक शामिल थे।

कार्यशाला के पहले दो दिन पं. माता प्रसाद मिश्र विद्यार्थियों को कथक की बारीकियों से परिचित कराएंगे, जबकि तीसरे और चौथे दिन पं. रविशंकर मिश्र प्रशिक्षण देंगे। सत्रों में बनारस घराने की विशिष्ट नृत्य तकनीकों, पारंपरिक प्रस्तुतिकरण और कलात्मक अभिव्यक्तियों पर विशेष बल दिया जाएगा। समापन 30 अक्टूबर को होगा। इस अवसर पर दोनों गुरु और प्रतिभागी विद्यार्थी विशेष नृत्य प्रस्तुतियां देंगे। संयोजन डा. रंजना उपाध्याय कर रही हैं।