तहसील में खुली महिला हेल्प डेस्क
जागरण संवाददाता उन्नाव उत्तर प्रदेश में महिला और बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए
जागरण संवाददाता, उन्नाव : उत्तर प्रदेश में महिला और बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सीएम आदित्य नाथ योगी द्वारा महिला हेल्प डेस्क के शुभारंभ के बाद शनिवार को पुरवा तहसील में महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई। एसडीएम राजेश चौरसिया ने शुभारंभ कर कहा महिलाओं को न्याय दिलाने में तहसील के अधिकारी पीछे नहीं रहेंगे।
शनिवार को पुरवा तहसील में एसडीएम राजेश चौरसिया व तहसीलदार निधि पांडेय ने महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत किया। एसडीएम राजेश ने कहा कि महिलाओं से संबंधित समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र की महिलाओं की आने वाली समस्याओं को समय सीमा के अंदर निस्तारण किया जाएगा। तहसीलदार निधि पांडेय ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की समस्या के निदान के लिए कंप्यूटर पर शिकायत दर्ज कर डाटा सुरक्षित रखा जाएगा। सदर कोतवाली और पुरवा कोतवाली में भी डेस्क तैयार की गई है। सदर कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि हेल्प डेस्क में दो महिला सिपाहियों को लगाया गया है। महिला हेल्प डेस्क महिलाओं को जागरूक करने के लिए बनाई गई है। महिलाओं की समस्याओं का समाधान करने में इस डेस्क की अहम भूमिका रहेगी। वहीं, पुरवा कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि महिलाओं को जागरूक करने के लिए एक दरोगा, चार महिला कांस्टेबल व एक हेड कांस्टेबल लगाया गया है। जो गांव गांव जाकर जागरुकता फैलाएंगे।