शुक्लागंज में आंधी-पानी से बदला मौसम, कई जगह जलभराव
संवाद सहयोगी शुक्लागंज रविवार देर रात साढ़े 11 बजे एकाएक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी
संवाद सहयोगी, शुक्लागंज: रविवार देर रात साढ़े 11 बजे एकाएक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी के साथ बारिश से विद्युत व्यवस्था धड़ाम हो गई। मगरवारा के पास 33 केवी लाइन फाल्ट होने से ब्रेकडाउन हो गया। जिससे पूरे नगर की विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। पूरी रात पूरा उपभोक्ता परेशान हुए। दस घंटे बाद सोमवार को सुबह साढ़े 9 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी, तब जाकर लोगों को राहत हुई।
रात भर आपूर्ति ठप रहने से बिजली उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत रही। बिजली विभाग के जेई विष्णु शुक्ला ने बताया कि आपूर्ति सुचारू करा दी गई है। वहीं तेज रफ्तार आंधी व बारिश से नगर में जगह-जगह टीन शेड व होर्डिंग्स व बैनर उखड़ गए। मरहला चौराहे से लेकर आजाद मार्ग व बैराज मार्ग व राजधानी मार्ग पर लगी कई होर्डिंग्स फट गईं व तमाम बैनर उड़ गए। उधर, रात साढ़े 11 बजे से लेकर सुबह साढ़े आठ बजे तक हुई नौ घंटे की बारिश से कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। कंचननगर, सर्वोदय नगर, गायत्रीनगर, नेहरूनगर, अंबिकापुरम आदि मोहल्लों में जलभराव होने से लोगों को घरों में कैद रहना पड़ा। राहगीरों को आवागमन में घोर दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
-----------
फसल के लिए फायदेमंद रही बारिश
- रविवार देर रात हुई बारिश फसलों के लिए फायदेमंद रही। किसानों में राजकुमार, शंकर लाल व बाबूलाल आदि ने बताया कि यह बारिश गेहूं, लाही, चना, मटर व सब्जी की फसलों के लिए काफी फायदेमंद है। इस बारिश के होने से किसानों को अच्छी पैदावार होगी। इस समय सभी फसलों को पानी की जरूरत थी। बारिश से सभी फसलों की पैदावार बढ़ेगी।