किसान की बेटी ने बल्ले से मचाया धमाल, नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता में कानपुर मंडल को दिलाया कांस्य
उन्नाव की नेहा वर्मा ने मुरादाबाद में आयोजित मंडल स्तरीय नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता में कानपुर मंडल की कप्तानी करते हुए कांस्य पदक दिलाया।
-1792656663595_m.webp)
जागरण संवाददाता, उन्नाव। बांगरमऊ तहसील के दसगवां गांव की बेटी नेहा वर्मा ने क्रिकेट के मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है।
प्रदेश के मुरादाबाद में नेशनल सेलेक्शन के लिए आयोजित मंडल स्तरीय नाकआउट प्रतियोगिता में कानपुर मंडल की कप्तान नेहा ने अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया। उनके नेतृत्व में टीम ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि नेहा चार मैचों में 212 रन बनाकर टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनीं।
इस प्रतियोगिता में 19 टीमों ने हिस्सा लिया। सभी मुकाबले 15-15 ओवर के खेले गए। नेहा ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से विपक्षी टीमों को कड़ी चुनौती दी।
कप्तान के रूप में उन्होंने टीम का नेतृत्व भी बखूबी किया और पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई। नेहा ने बताया कि पिता इंद्रपाल वर्मा किसान हैं और लक्ष्मी देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने क्रिकेट में करियर बनाने का सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए गांव से कानपुर तक का सफर तय किया।
वर्तमान में वह जाजमऊ स्थित जेके कालोनी के कपिल क्रिकेट कोचिंग सेंटर में कोच कपिल पांडेय के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। कोच कपिल देव पांडेय भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव और अंडर-19 विश्व कप खिलाड़ी अर्चना देवी को भी प्रशिक्षण दे चुके हैं। नेहा ने अपनी सफलता का श्रेय बड़ी बहन निधि वर्मा और भाई अतुल वर्मा को दिया है। बताया कि इनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
