उन्नाव में दो साइबर ठगी में 12.31 लाख पार, फोनपे से गेमिंग एप तक जाल
उन्नाव में दो अलग-अलग साइबर ठगी की घटनाओं में लोगों ने 12.31 लाख रुपये गंवा दिए। एक मामले में फोन-पे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। साइबर ठगों ने दो अलग-अलग लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके खातों से 12 लाख 31 हजार 52 रुपये पार कर दिए। बारासगवर में फोन-पे से भुगतान के प्रयास के दौरान खाते से रकम निकलती रही, जबकि माखी में वाट्सएप के जरिए आनलाइन गेमिंग एप में रुपये लगाने का झांसा देकर युवक और उसके दोस्त के खातों से रकम ट्रांसफर करा ली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
बारासगवर क्षेत्र के नारायणदास खेड़ा निवासी श्री राम बाइक ठीक कराने के दौरान फोन-पे से भुगतान कर रहे थे। भुगतान नहीं होने पर उन्होंने फोन-पे की हिस्ट्री चेक की तो सन्न गए। पता चला कि एक से सात सितंबर के बीच उनके बैंक खाते से कई बार में 6 लाख 75 हजार 887 रुपये अनाधिकृत रूप से ट्रांसफर किए गए। उन्होंने तत्काल पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू की है।
गेमिंग एप का झांसा, युवक और दोस्त के खाते से उड़ाए 5.55 लाख
माखी के रहने वाले राजन सिंह के अनुसार, छह जुलाई से 10 अगस्त के बीच वाट्सएप पर कार्तिकेय बुक नामक आनलाइन गेमिंग एप के संबंध में उनसे संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान ठगों ने एप के जरिए रकम लगाने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग लेनदेन कराकर उनके खाते से 4 लाख 38 हजार 665 रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उनके दोस्त के खाते से भी 1 लाख 16 हजार 500 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर संदिग्ध वाट्सएप नंबर और जिस खाते में रुपए भेजे गए उसकी जांच कर रही है।
