आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आगे चल रही गाड़ी में घुसी कार, ड्राइवर की मौत; तीन अन्य घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव के पास एक कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गई, जिसमें चालक की मौत हो गई और तीन दोस्त घायल हो गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटना में चालक की मौत।
मदद को रुके तीन लोग ट्रक की टक्कर से गंभीर घायल।
घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के बेहटा मुजावर के शादीपुर गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज के पास 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जा रही कार आगे चल रहे वाहन में जा घुसी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई।
दोस्त घायल हो गया। हादसा देख मदद के लिए नीचे उतरे तीन अन्य कार सवारों को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
लखनऊ के काकोरी निवासी राहुल पांडेय मंगलवार रात अपने दोस्त के साथ कार से दिल्ली जाने के लिए निकले थे। कार दोस्त चला रहा था। मंगलवार रात दो बजे बेहटा मुजावर के शादीपुर गांव के स्थित इंटरचेंज के पास कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन में घुस गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का आगे हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एयरबैग खुलने के बावजूद कार चला रहे युवक की जान नहीं बच सकी। उसके साथ कार में बैठा राहुल घायल हो गया। दिवंगत हुए राहुल के दोस्त की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस उसकी पहचान और नाम की जानकारी करने का प्रयास कर रही है। उधर हादसा देख पीछे आ रही कार से दिल्ली के शालीमार गार्डन निवासी यतीन अरोड़ा, तिलक नगर निवासी मनीष चोपड़ा और समीरा बाग निवासी अमन मंटोरी मदद के लिए उतरे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने तीनों को टक्कर मार दी।
तीनों के पैर में गंभीर चोट आई। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। थाना बेहटामुजावर के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि दिवंगत हुए व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में सड़क हादसा, डंपर से टक्कर के बाद खाई में गिरी स्कार्पियो, भाई-दो बहनों और भांजी समेत 4 की मौत
